नितिन नवीन ने सदानंदन मास्टर के भाषण को दिल झकझोर देने वाला बताया, केरल में वामपंथी क्रूरता पर साधा निशाना

नितिन नवीन ने सदानंदन मास्टर के भाषण को दिल झकझोर देने वाला बताया, केरल में वामपंथी क्रूरता पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केरल से राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन मास्टर के हालिया भाषण को दिल झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर यह कहा।

नितिन नवीन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "सोमवार को राज्यसभा सांसद सदानंदन मास्टर ने जो दृश्य दिखाया, वह दिल को झकझोर देने वाला है। उनकी यह कहानी केरल में वर्षों से झेली जा रही क्रूरता और असहिष्णुता की उस पराकाष्ठा को सामने लाती है, जिसे राजनीति के नाम पर वामपंथियों द्वारा भाजपा एवं संघ के कार्यकर्ताओं पर किया गया। इन तमाम अत्याचारों के बावजूद केरल के बुलंद कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने कभी हार नहीं मानी और निरंतर राज्य की भलाई के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहे।"

उन्होंने आगे कहा, "ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सदानंदन मास्टर को संसद का मंच देना यह दर्शाता है कि लोकतंत्र केवल सत्ता का संवाद नहीं, बल्कि उन आवाजों को स्थान देने की प्रतिबद्धता है जो वर्षों तक अनसुनी रहीं। अभिव्यक्ति की आजादी का 'उपदेश' देने वालों के लिए यह क्षण आत्मचिंतन का है।"

भाजपा अध्यक्ष का यह पोस्ट राज्यसभा में सोमवार को सदानंदन मास्टर के भावुक भाषण के संदर्भ में है, जहां उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान 31 साल पुरानी घटना का जिक्र किया। सदानंदन मास्टर ने सदन की मेज पर अपने दोनों कृत्रिम पैर रख दिए और बताया कि 1994 में केरल के कन्नूर जिले में सीपीएम (माकपा) से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया था। हमले में उनके दोनों पैर घुटने से नीचे काट दिए गए थे।

भाषण के दौरान सदन में हंगामा मच गया। सीपीएम सांसदों ने विरोध जताया और इसे सदन में वस्तु दिखाने का नियम तोड़ने वाला करार दिया। राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने हस्तक्षेप कर कृत्रिम पैर हटाने को कहा और विपक्ष से भी नियमों की समानता बरतने की अपील की।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी 'एक्स' पर राज्यसभा में सदानंदन मास्टर द्वारा दिए गए भाषण का वीडियो शेयर किया था। उन्होंने कहा कि सदानंदन मास्टर ने राज्यसभा में अपने भाषण के दौरान केरल में संघ और भाजपा के कार्यकर्ताओं पर दशकों से हो रही हिंसा का जो दृश्य दिखाया, उसे देखकर हर इंसान का दिल पसीज जाएगा। जिस अमानवीय पीड़ा और अत्याचार को सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं, उसे भाजपा और संघ के कार्यकर्ता केरल में दशकों से झेल रहे हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी