वियना, 21 मार्च (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने नतांज परमाणु केंद्र पर हमले की जानकारी दी है। एजेंसी के अनुसार, उन्हें ईरान ने इसके बारे में बताया और वे इसकी जांच कर रहे हैं। आईएईए ने एक्स पोस्ट पर इसकी पुष्टि की तो वहीं मास्को ने इस हमले को अंतर्राष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया है।
अपनी पोस्ट में एजेंसी ने लिखा कि आईएईए को ईरान ने बताया कि शनिवार को नतांज न्यूक्लियर साइट पर हमला हुआ। हालांकि ऑफ-साइट रेडिएशन लेवल (परमाणु विकिरण का जोखिम) में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। आईएईए रिपोर्ट की जांच कर रहा है। एजेंसी के डायरेक्टर जनरल रफेल एम ग्रॉसी ने सैन्य नियंत्रण की अपील दोहराई है।
तसनीम न्यूज एजेंसी ने शनिवार को सबसे पहले इसकी जानकारी दी थी। ईरान के एटॉमिक एनर्जी ऑर्गनाइजेशन ने एक बयान में कहा, “यूनाइटेड स्टेट्स और इजरायली शासन ने नतांज एनरिचमेंट कॉम्प्लेक्स को शनिवार सुबह निशाना बनाया।”
रिपोर्ट में कहा गया कि इस हमले में अभी तक किसी भी तरह का रेडियोएक्टिव (खतरनाक परमाणु) रिसाव नहीं हुआ है। इस इलाके के आसपास रहने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है।
वहीं, रूस ने भी इस हमले की निंदा की है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन है।
इजरायल और अमेरिका ने इससे पहले 2 मार्च को भी इस प्लांट पर हमला किया था। यह ईरान का सबसे बड़ा परमाणु केंद्र है, यहां यूरेनियम एनरिचमेंट किया जाता है।
इस्फहान में मौजूद इस केंद्र की खास बात यह है कि इसका बड़ा हिस्सा जमीन के नीचे बना हुआ है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि किसी हमले से इसे बचाया जा सके।
2 मार्च को हुए हमले के बाद 3 मार्च को इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) ने पुष्टि की थी कि ईरान के नतांज न्यूक्लियर फैसिलिटी में प्रवेश द्वार के पास मौजूद इमारतों को थोड़ा नुकसान पहुंचा है।
नतांज फैसिलिटी जून में इजरायल और ईरान के बीच 12-दिन के युद्ध में मुख्य टारगेट में से एक थी, जिसमें यूएस भी आखिरकार शामिल हो गया था।
--आईएएनएस
केआर/