नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलकर विकसित भारत का सपना साकार करेंगे: सीएम भूपेंद्र पटेल

नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलकर विकसित भारत का सपना साकार करेंगे: सीएम भूपेंद्र पटेल

गांधीनगर, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को अहमदाबाद की गुजरात यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘भारतकूल अध्याय-2’ के शुभारंभ अवसर पर मीडिया के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के विकास में मीडिया की भूमिका सहायक की है। सरकार हमेशा नागरिकों की सुख-सुविधा के लिए प्रयत्नशील है, ऐसे में नीतियों में सुधार और लोक कल्याण के लिए उचित आलोचना आवश्यक है, लेकिन उसके पीछे का भाव सकारात्मक होना चाहिए।

गांधीनगर, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को अहमदाबाद की गुजरात यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘भारतकूल अध्याय-2’ के शुभारंभ अवसर पर मीडिया के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के विकास में मीडिया की भूमिका सहायक की है। सरकार हमेशा नागरिकों की सुख-सुविधा के लिए प्रयत्नशील है, ऐसे में नीतियों में सुधार और लोक कल्याण के लिए उचित आलोचना आवश्यक है, लेकिन उसके पीछे का भाव सकारात्मक होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में वर्ष-2025 भारत के गौरव को उजागर करने वाला वर्ष बन रहा है। इस वर्ष हम भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती, सरदार साहब की 150 वीं जयंती तथा हमारे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एकता नगर में गत महीने आयोजित ‘राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस’ तथा भव्य ‘भारत पर्व’ जैसे कार्यक्रमों में अनेकता में एकता का भाव दर्शाती सांस्कृतिक झलक लोगों को देखने को मिली तथा भारतीय परंपरा पुनर्जीवित हुई।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति का महत्व समझाते हुए कहा कि विश्व में भारत की पहचान उसकी प्राचीन तथा परम सत्य तक ले जाने वाली संस्कृति के कारण ही है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उन्होंने पश्चिम के लोगों को भारतीय संस्कृति की केवल एक छोटी-सी झलक ही दिखाई थी, जिससे वे अभिभूत हो गए थे। जो लोग इसमें गहराई से उतरे, उन्होंने अपना जीवन इस संस्कृति को समर्पित कर दिया। इसलिए यह भी अत्यंत आवश्यक है कि नई पीढ़ी को हमारी सनातन सभ्यता के मूल मूल्यों से अवगत कराया जाए।

पटेल ने ‘भारतकूल’ के इस दूसरे अध्याय के आयोजन के लिए गुजरात मीडिया क्लब और गुजरात यूनिवर्सिटी को बधाई देते हुए, युवा शक्ति को उनके सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए इस कार्यक्रम को एक उपयुक्त मंच बताया।

उन्होंने बलपूर्वक कहा कि देश को आगे ले जाने और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे तो ‘विकसित भारत @2047’ का सपना अवश्य साकार होगा और उसमें गुजरात अग्रसर होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति से समय के साथ कदम मिलाते हुए स्वदेशी, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा गुलामी की मानसिकता से मुक्ति जैसे संकल्पों के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ने का अनुरोध किया।

उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुजरात के विकास में ‘भाव, राग एवं ताल’ को महत्वपूर्ण बताते हुए ‘भारतकूल’ के कार्यक्रमों में ‘भाव, राग और ताल’ जैसे अद्भुत विषयों का चुनाव करने के लिए आयोजकों का अभिनंदन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह से गुजरात के विकास की छलांग की शुरुआत की, उसके पीछे राज्य के विकास का भाव मुख्य था। प्रधानमंत्री के मतानुसार अपने राज्य के लिए कुछ अच्छा हो तो खुशी होनी चाहिए और कुछ बुरा हो तो दुख होना चाहिए; यही भावना विकास के लिए अनिवार्य है। उप मुख्यमंत्री ने भाव, राग, और ताल—इन तीनों विषयों पर युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में, सरकार में संस्कृति, विरासत, राग और ताल के क्षेत्र में किए गए अद्भुत कार्यों को उल्लेखनीय बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वडनगर में देश का सबसे बड़ा म्यूजिक स्टूडियो बनने जा रहा है और वडोदरा में भी इसी प्रकार की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

संघवी ने कहा कि पिछले 30 वर्षों में संस्कृति संवर्धन सहित क्षेत्रों में जितना काम हुआ है, वह पीएम मोदी के शासन की शुरुआत से आज तक निरंतर जारी है। उन्होंने रिसर्च डॉक्यूमेंट और चर्चा से निकले सुझावों को सरकार को सौंपने का अनुरोध किया, ताकि ये विषय मात्र कार्यक्रमों तक सीमित न रहें और उन्हें सरकार के कार्यों में जोड़ा जा सके।

उप मुख्यमंत्री संघवी ने एक टीम लीडर के रूप में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की भूमिका के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक साफ दिल तथा अच्छे व्यक्ति के रूप में पिछले तीन वर्षों से काम कर रहे मुख्यमंत्री को विधायकों और राज्य के नागरिकों की ओर से बधाई दी तथा सरकार में टीम पर भरोसा करके अधिक से अधिक शक्ति देने के लिए राज्य के नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपस्थित बीएपीएस संस्था के संत ब्रह्मविहारी स्वामी ने वर्तमान समय में मीडिया के महत्व के बारे में बात करते हुए कहा कि सत्य को उजागर करना मीडिया का धर्म है। इसके लिए लगातार प्रश्न पूछने चाहिए। लेकिन, साथ ही साथ उन्होंने मार्मिक अंदाज में यह इशारा भी किया कि ‘स्वयं’ से भी प्रश्न पूछते रहना चाहिए। उन्होंने गुजरात से प्रारंभ की गई विकास यात्रा से आगे बढ़कर भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति स्व. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए राज्य और देश के विकास में सहभागी होने के लिए सभी से अनुरोध किया।

इस अवसर पर गुजरात मीडिया क्लब के अध्यक्ष निर्णय कपूर ने संस्था के कार्यों तथा ‘भारतकूल’ कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जहां पहले अध्याय को अल्पविराम दिया गया था, वहीं से दूसरा अध्याय आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति को उजागर करने वाला माध्यम बताया।

इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी, गुजरात मीडिया क्लब के वाइस प्रेसिडेंट दीक्षित सोनी, जनरल सेक्रेटरी संजय पांडे, ‘भारतकूल’ के फाउंडर मल्हार दवे, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कर्मी, साहित्य प्रेमी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

डीकेपी/