राजशाही, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। मेहमान श्रीलंकाई टीम ने शनिवार को शाहिद कमरुज्जमां स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच को 7 विकेट से जीता।
बांग्लादेशी टीम ने सीरीज का पहला मैच 3 विकेट से जीता था। इसके बाद अगले मुकाबले को श्रीलंका ने 4 विकेट से अपने नाम करते हुए सीरीज को रोमांचक बना दिया। अंतिम मुकाबले को जीतकर श्रीलंका ने सीरीज पर कब्जा कर लिया। अब दोनों देश 28 अप्रैल से 2 मई के बीच 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगे।
शनिवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 213 रन बनाए। इस टीम ने 69 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान निगार सुल्ताना ने शोभना मोस्तरी के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।
134 के स्कोर पर टीम को चौथा झटका लगा। निगार 90 गेंदों में 1 चौके के साथ 40 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद शोभना ने मोर्चा संभाला। उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
शोभना 80 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 8 चौके शामिल थे। इस बीच रितु मोनी ने 16 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से कविशा दिलहारी ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि निमाशा मीपेज ने 2 विकेट प्राप्त किए।
इसके जवाब में श्रीलंका ने 46.3 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम को महज 19 के स्कोर पर कप्तान चामरी अटापट्टू के रूप में पहला झटका लगा। चामरी सिर्फ 10 रन का ही योगदान टीम के खाते में दे सकीं। इसके बाद हसिनी परेरा ने इमेशा दुलानी के साथ दूसरे विकेट के लिए 163 गेंदों में 108 रन जुटाकर टीम को 127 के स्कोर तक पहुंचाया। इमेशा ने 79 गेंदों में 7 चौकों के साथ 56 रन की पारी खेलकर आउट हुईं।
यहां से हसिनी ने हर्षिता समरविक्रमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 81 गेंदों में 78 रन जुटाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। हसिनी 131 गेंदों में 13 चौकों के साथ 95 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद हर्षिता ने 51 गेंदों में 8 चौकों के साथ नाबाद 44 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से मरूफा अख्तर ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि 1 विकेट शोभना के नाम पर रहा।
--आईएएनएस
आरएसजी