आईपीएल: 6 मुकाबलों के बाद केकेआर ने चखा जीत का स्वाद, रोमांचक मैच में आरआर को 4 विकेट से हराया

आईपीएल: 6 मुकाबलों के बाद केकेआर ने चखा जीत का स्वाद, रोमांचक मैच में आरआर को 4 विकेट से हराया

कोलकाता, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की शानदार साझेदारी के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में 6 मुकाबलों के बाद अपनी पहली जीत दर्ज की है। इस टीम ने रविवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 4 विकेट से हराया।

इस सीजन शुरुआती 2 मैच गंवाने के बाद पंजाब किंग्स के विरुद्ध केकेआर का मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। इसके बाद टीम ने लगातार 3 मैच हारे। जीत का खाता खुलने के बाद केकेआर प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ, जीत का चौका लगाने के बाद आरआर को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। यह मैच गंवाने के बाद रॉयल्स तीसरे स्थान पर मौजूद है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 155 रन ही बना सकी। इस टीम को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 8.4 ओवरों में 81 रन जुटाए।

वैभव 28 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। इस बीच जायसवाल 29 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इनके अलावा, शिमरोन हेटमायर ने 15 रन, जबकि कप्तान रियान पराग ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि 2 विकेट सुनील नरेन के नाम रहे।

इसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज की। केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर टिम सीफर्ट (0) का विकेट खोने के बाद इस टीम ने अगले ओवर में कप्तान अजिंक्य रहाणे (0) का विकेट भी गंवा दिया। टीम महज 5 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद कैमरून ग्रीन ने मोर्चा संभाला।

ग्रीन ने 13 गेंदों में 27 रन की पारी खेली, जबकि रॉवमैन पॉवेल ने 23 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। केकेआर ने 85 के स्कोर तक 6 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद रिंकू सिंह ने अनुकूल रॉयल के साथ 37 गेंदों में 76 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई।

रिंकू 34 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 53 रन बनाकर नाबाद रहे। रॉय ने 16 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 29 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट हासिल किए। जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और यश राज ने 1-1 विकेट निकाला।

--आईएएनएस

आरएसजी