नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के दौरान सोमवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए लीग में अपने 9,000 रन पूरे किए। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन ने कोहली को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनकी निरंतरता की प्रशंसा की है।
मिशेल मैक्लेनाघन ने जियोस्टार से कहा, "विराट कोहली लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ 9000 आईपीएल रन बनाना कोई आसान काम नहीं है। यह भूख, अनुशासन और हर साल खुद को ढालने की बात है, और यही चीज उनसे उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाती है। वह 2008 से आईपीएल में हैं, और सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ओपनर के तौर पर नहीं की थी।"
उन्होंने कहा, "कोहली ने निचले मध्य क्रम में बल्लेबाजी की, अपनी जगह के लिए संघर्ष किया, फिर तीसरे नंबर पर आए। बाद में, उन्होंने क्रिस गेल के साथ ओपनिंग की। इससे उनका खेल पूरी तरह से बदल गया। वह जल्द ही 10,000 रन के आंकड़े तक पहुंच जाएंगे, इसमें कोई शक नहीं है। कोहली आईपीएल के अब तक के सबसे महान बल्लेबाज हैं - सिर्फ रनों की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए कि उन्होंने अलग-अलग दौर में खुद को कैसे बदला है और अपना दबदबा बनाए रखा है।"
विराट कोहली आईपीएल में 9,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज हैं। एक अहम बात यह भी है कि उन्होंने सभी रन आरसीबी के लिए खेलते हुए ही बनाए हैं। विराट आईपीएल के पहले सीजन (आईपीएल 2008) से ही आरसीबी का हिस्सा हैं और साल-दर-साल अपने बेहतरीन प्रदर्शन से टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभाते रहे हैं। लंबे समय तक टीम की कप्तानी करने वाले विराट ने 2025 में टीम को चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
आईपीएल 2026 की 8 मैचों की 8 पारियों में 3 अर्धशतक की मदद से 351 रन बना चुके विराट ने कुल 275 मैचों की 267 पारियों में 8 शतक और 66 अर्धशतक लगाते हुए 9,012 रन बनाए हैं।
--आईएएनएस
पीएके