कमल हासन की एक फिल्म ने बदली अतुल कुलकर्णी की किस्मत, ऐसे मिला था बॉलीवुड में पहला बड़ा ब्रेक

कमल हासन की एक फिल्म ने बदली अतुल कुलकर्णी की किस्मत, ऐसे मिला था बॉलीवुड में पहला बड़ा ब्रेक

मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 2000 में आई कमल हासन की ऐतिहासिक क्राइम ड्रामा फिल्म 'हे राम' से की थी। इस फिल्म में अतुल ने श्रीराम अभ्यंकर का किरदार निभाया था। हालांकि, इस फिल्म का हिस्सा बनने तक का उनका सफर काफी दिलचस्प रहा।

एक पुराने इंटरव्यू में अतुल कुलकर्णी ने खुलासा किया था कि आखिर उन्हें बॉलीवुड में पहला बड़ा मौका कैसे मिला। उन्होंने इसके लिए दिग्गज अभिनेता कमल हासन को श्रेय दिया।

अतुल कुलकर्णी ने कहा, ''फिल्म 'हे राम' में काम करने से पहले मैं 'गांधी विरुद्ध गांधी' नाम के एक नाटक में महात्मा गांधी की भूमिका निभा रहा था। इस नाटक में मेरे अभिनय की काफी चर्चा हुई थी। कमल हासन के साथ काम करने वाले कई लोग मेरा यह नाटक देख चुके थे। इसके अलावा दिल्ली और मुंबई में किए गए कामों को भी लोगों ने देखा था। धीरे-धीरे मेरे अभिनय की चर्चा कमल हासन तक पहुंची और फिर मेरी किस्मत बदल गई।''

अतुल ने इंटरव्यू में बताया, ''कमल हासन ने मुझे चेन्नई बुलाया, जहां मेरा स्क्रीन टेस्ट हुआ। इस टेस्ट के बाद मुझे फिल्म 'हे राम' में श्रीराम अभ्यंकर की भूमिका के लिए चुन लिया गया।''

बता दें कि 'हे राम' साल 2000 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को कमल हासन ने खुद लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया था। इसे उनके प्रोडक्शन हाउस राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले बनाया गया था। फिल्म में कमल हासन ने मुख्य भूमिका निभाई थी जबकि शाहरुख खान, हेमा मालिनी, रानी मुखर्जी, नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, वसुंधरा दास और गिरीश कर्नाड जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। वहीं इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी पहचान मिली। इसकी स्क्रीनिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) में भी हुई थी। साल 2000 में फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इसे ऑस्कर में भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना था।

फिल्म ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में भी अपनी छाप छोड़ी। 'हे राम' को कुल तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले थे। इनमें अतुल कुलकर्णी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला, जबकि फिल्म को सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन और सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स के लिए भी सम्मानित किया गया।

इसके अलावा, फिल्म को 25वें टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और साल 2000 के लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित किया गया था।

--आईएएनएस

पीके/पीएम