डेपोर्टिवो अलावेस ने रियल मैड्रिड को 2-1 से हराया, एटलेटिको ने दर्ज की एल्चे के खिलाफ जीत

डेपोर्टिवो अलावेस ने रियल मैड्रिड को 2-1 से हराया, एटलेटिको ने दर्ज की एल्चे के खिलाफ जीत

मैड्रिड, 29 नवंबर (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड को सैंटियागो बर्नब्यू में बड़ा झटका लगा, जहां उसे डेपोर्टिवो अलावेस के खिलाफ 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस नतीजे के बाद मैड्रिड ला लीगा अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गया है।

रियल मैड्रिड ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती मिनटों में कई अच्छे मौके बनाए। नौवें मिनट में विनीसियस जूनियर गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन बॉक्स के अंदर से लगाया गया उनका शॉट गोलकीपर एंटोनियो सिवेरा ने डिफ्लेक्ट कर दिया। इसके बाद करीब 15वें मिनट में किलियन एम्बाप्पे को भी शानदार मौका मिला, लेकिन सिवेरा ने एक और बेहतरीन बचाव करते हुए उन्हें गोल करने से रोक दिया।

हालांकि, अलावेस ने अपने शुरुआती हमलों में से एक का पूरा फायदा उठाया। 22वें मिनट में टोनी मार्टिनेज ने गोल दागकर मेहमान टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 0-1 से पीछे होने के बाद रियल मैड्रिड ने बराबरी की कोशिशें तेज कर दीं। 34वें मिनट में जूड बेलिंगहैम ने शानदार प्रयास से गोल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद टारगेट से थोड़ा चूक गई।

इससे पहले, एटलेटिको मैड्रिड ने ला लीगा में एल्चे को 3-2 से हराया। एटलेटिको मैड्रिड ने रेलीगेशन जोन में संघर्ष कर रही एल्चे के खिलाफ तेज शुरुआत करते हुए शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। एलेक्स ग्रिमाल्डो ने पांचवें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला, जबकि ली कांग-इन ने सिर्फ दो मिनट बाद गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया।

एल्चे ने 26वें मिनट में मार्टिम नेटो के गोल की बदौलत मुकाबले में वापसी के संकेत दिए, लेकिन जूलियन अल्वारेज ने हाफ टाइम से ठीक पहले गोल दागकर एटलेटिको को फिर से दो गोल की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में एल्चे ने दबाव बनाए रखा और फुल-बैक बुबा संगारे ने 48वें मिनट में गोल करके स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद मुकाबला रोमांचक हो गया और एटलेटिको पर दबाव बढ़ा, लेकिन डिएगो सिमियोने की टीम ने मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन करते हुए बढ़त बरकरार रखी और महत्वपूर्ण तीन प्वाइंट अपने नाम किए।

रेयो वैलेकानो ने रियल बेटिस पर 1-0 की महत्वपूर्ण जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत की। टीम के लिए निर्णायक गोल जॉर्ज डी फ्रूटोस ने 72वें मिनट में किया, जिसकी बदौलत रेयो को रेलीगेशन जोन से दूर जाने में राहत मिली। वहीं, मैलागा का खराब दौर जारी रहा। उन्हें एथलेटिक क्लब के खिलाफ 4-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह अब भी बिना किसी जीत के अंक तालिका में सबसे नीचे बना हुआ है। एथलेटिक क्लब ने पहले हाफ में ही मुकाबले पर पकड़ बना ली थी और ओइहान सैंसेट, एलेक्स बेरेंगुएर, निको विलियम्स और ह्यूगो रिनकॉन के गोलों की मदद से ब्रेक तक 4-1 की बढ़त हासिल कर ली थी।

मैलागा के लिए जेन्स काजस्टे ने पहले हाफ में गोल किया, जबकि एड्रियन नीनो ने दूसरे हाफ में दो बार गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। उन्होंने 49वें मिनट में टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की और 82वें मिनट में अपना दूसरा गोल भी किया, लेकिन उनकी टीम वापसी पूरी नहीं कर सकी।

दूसरी ओर, लेवांटे की परेशानियां भी बढ़ती चली गईं। इवान रोमेरो के 42वें मिनट के गोल से बढ़त लेने के बावजूद, टीम घरेलू मैदान पर रेसिंग सैंटेंडर के खिलाफ 3-1 से हार गई। इस हार ने लेवांटे की स्थिति को और मुश्किल बना दिया है। पाब्लो गार्सिया ने 66वें मिनट में रेसिंग के लिए बराबरी का गोल किया। यासिर जबीरी के 81वें मिनट के गोल ने रेसिंग को आगे कर दिया, फिर गार्सिया ने स्टॉपेज टाइम में मैच का अपना दूसरा गोल करके टीम की जीत पक्की कर दी।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम