अर्बन कंपनी का दूसरी तिमाही में घाटा बढ़ा, खर्च में 61 प्रतिशत का उछाल

अर्बन कंपनी का दूसरी तिमाही में घाटा बढ़ा, खर्च में 61 प्रतिशत का उछाल

मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। गिग प्लेटफॉर्म अर्बन कंपनी ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी किए। इस अवधि में कंपनी का घाटा बढ़कर 182 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 59 करोड़ रुपए था।

कंपनी की ओर से दायर की गई एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में उसकी आय सालाना आधार पर 41.3 प्रतिशत बढ़कर 537 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 380 करोड़ रुपए थी।

परिचालन स्तर पर भी कंपनी का प्रदर्शन कमजोर बना हुआ है। सितंबर तिमाही में कंपनी का ईबीआईटीडीए घाटा बढ़कर 188 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह घाटा 68.7 करोड़ रुपए था।

कंपनी ने अपनी विकास योजनाओं और कारोबार के विस्तार के लिए इक्विटी, कर्ज और अन्य माध्यमों के जरिए 2,500 करोड़ रुपए जुटाने की योजना की भी घोषणा की है।

सितंबर तिमाही में अर्बन कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 61 प्रतिशत बढ़कर 745.7 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 462 करोड़ रुपए था।

तिमाही आधार पर कुल खर्च 639.9 करोड़ रुपए से बढ़कर इस स्तर पर पहुंच गया है।

नतीजों की घोषणा के बाद, शुक्रवार को बीएसई पर अर्बन कंपनी के शेयर 2.11 प्रतिशत बढ़कर 157.50 रुपए प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गए।

अर्बन कंपनी एक टेक्नोलॉजी-आधारित प्लेटफॉर्म चलाती है, जो ग्राहकों को घर और पर्सनल केयर से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के लिए प्रशिक्षित प्रोफेशनल्स से जोड़ती है। यह भारत की प्रमुख 'गिग मार्केटप्लेस' कंपनियों में से एक है।

कंपनी ने अपने वित्तीय प्रदर्शन पर कहा कि यह तिमाही काफी मजबूत रही, क्योंकि कंपनी के मुख्य कारोबार में लगातार वृद्धि देखने को मिली।

कंपनी ने कहा, "वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही एक मजबूत तिमाही रही। कंपनी के मुख्य कारोबार में लगातार ग्रोथ के साथ-साथ मार्जिन में भी सुधार हुआ। इसके अलावा, कंपनी ने 'इंस्टाहेल्प' में काफी निवेश किया, जहां तेजी से कारोबार बढ़ने के बावजूद 'यूनिट इकोनॉमिक्स' में सुधार आया है।"

--आईएएनएस

एबीएस