'राजकुमार राव की जगह मनोज बाजपेयी होते तो किरदार में दम आ जाता', 'प्रहार' पर दर्शकों ने दिया ऐसा रिव्यू

'राजकुमार राव की जगह मनोज बाजपेयी होते तो किरदार में दम आ जाता', 'प्रहार' पर दर्शकों ने दिया ऐसा रिव्यू

मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। 26/11 मुंबई आतंकी हमले पर बनी फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। फिल्म में राजकुमार राव ने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम का किरदार निभाया है, जबकि ललित प्रभाकर आतंकी अजमल कसाब की भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म देखने पहुंचे कुछ दर्शकों को इसकी कहानी और निर्देशन पसंद आया, तो कुछ ने इसकी रफ्तार और एडिटिंग पर सवाल उठाए।

एक दर्शक ने कहा कि उज्ज्वल निकम के किरदार में मनोज बाजपेयी को लिया जाता, तो फिल्म का असर बढ़ सकता था। इन प्रतिक्रियाओं में सबसे ज्यादा तारीफ कसाब का किरदार निभाने वाले ललित प्रभाकर को मिली।

आईएएनएस से बात करते हुए एक दर्शक ने फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''प्रहार' मुझे बहुत अच्छी लगी। ललित प्रभाकर का किरदार मेरा पसंदीदा है। मैं फिल्म को साढ़े तीन स्टार दूंगा।'

वहीं, दूसरे दर्शक ने फिल्म को लेकर कहा, ''फिल्म को न तो मैं अच्छी कह रहा हूं और न ही बुरी। फिल्म ठीकठाक है। डायरेक्शन शानदार है, राजकुमार राव एक नंबर एक्टर हैं, जयदीप अहलावत भी एक नंबर एक्टर हैं। कसाब का किरदार निभाने वाले एक्टर ललित प्रभाकर का कोई तोड़ नहीं है। मुझे पता चला कि कसाब का किरदार निभाने वाले मराठी एक्टर हैं, लेकिन किरदार में उन्होंने जो भाव डाला है, उसे देख ऐसा लगा, जैसे असली कसाब हो।''

तीसरे दर्शक ने कहा, ''26/11 पर पहले भी कई फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन 'प्रहार' का डायरेक्शन मुझे अलग लगा। यूं तो मुझे राजकुमार राव का काम अच्छा लगा, लेकिन मेरा मानना है कि उज्ज्वल निकम के किरदार में अगर मनोज बाजपेयी को ले लिया जाता, तो यह ज्यादा दमदार होता। उनकी आवाज में एक दम है, जो किरदार को अधिक असरदार बनाता।''

इसी प्रतिक्रिया में दर्शक ने वामिका गब्बी के लुक और एक्टिंग को लेकर भी अपनी राय रखी। एक दर्शक ने कहा, ''वामिका इस फिल्म में सादगी भरे अंदाज में नजर आईं, जबकि उनकी पिछली फिल्मों में मैंने उनका सिर्फ स्टाइलिश अंदाज ज्यादा देखा था। वहीं, ललित प्रभाकर ने कसाब का किरदार निभाकर सभी का ध्यान खींचा है।''

एक अन्य दर्शक ने कहा, ''अगर आपको उज्ज्वल निकम की जिंदगी और उनके काम के बारे में जानना है, तो आप यह फिल्म देख सकते हैं। लेकिन, मुझे फिल्म में कोई खास मनोरंजन नहीं मिला। राजकुमार राव का अभिनय ठीक था, मगर डायरेक्शन में कमी महसूस हुई। एक सीन के बीच अचानक दूसरा सीन आ जाता है, जिससे कहानी के फ्लो पर असर पड़ता है।''

इस दर्शक ने आगे फिल्म की तुलना नाना पाटेकर की फिल्म 'द अटैक्स ऑफ 26/11' से भी की। उन्होंने कहा, ''मुझे नाना पाटेकर की फिल्म ज्यादा अच्छी लगी । मेरा मानना है कि 26/11 पर कई फिल्में बन गई है। इस हमले के बारे में लोग पहले से काफी कुछ जानते हैं और अब फिल्ममेकर्स को इसी विषय पर बार-बार फिल्में बनाने से बचना चाहिए।''

बता दें कि निर्देशक अविनाश अरुण की 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, ललित प्रभाकर, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और आशीष विद्यार्थी जैसे कलाकार हैं।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम