'मोदी बेहद करिश्माई नेता हैं', भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद ने की तारीफ (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)

'मोदी बेहद करिश्माई नेता हैं', भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद ने की तारीफ (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)

वाशिंगटन, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद थानेदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद करिश्माई नेता बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने जो प्रगति की है, उसे अमेरिका में पहचान और सम्मान मिलना चाहिए।

आईएएनएस को दिए एक विशेष साक्षात्कार में मिशिगन से डेमोक्रेटिक सांसद थानेदार ने प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा, "देखिए, राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। मोदीजी बेहद करिश्माई नेता हैं और उनके सभी के साथ अच्छे रिश्ते हैं।"

थानेदार ने अमेरिका के न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और वॉशिंगटन डीसी की प्रधानमंत्री मोदी की यात्राओं को याद करते हुए कहा कि उन्हें हर बार अमेरिका में भव्य स्वागत मिला। उन्होंने यह भी बताया कि जब जो बाइडेन राष्ट्रपति थे और प्रधानमंत्री मोदी राजकीय यात्रा पर वॉशिंगटन आए थे, तब उन्हें राज्य भोज (स्टेट डिनर) से सम्मानित किया गया था।

थानेदार ने कहा, "उस दिन मैं पीएम मोदी के साथ था और हमारी काफी लंबी बातचीत हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे अमेरिकी सांसदों को भारत की विविधता और विकास के बारे में बेहतर ढंग से समझाने का आग्रह किया था।

थानेदार के अनुसार, पीएम मोदी ने उनसे कहा था, "कांग्रेस के सदस्यों को बताइए कि भारत कैसा है।" उन्होंने कहा, "भारत में अलग-अलग तरह के लोग रहते हैं। वे अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं, अलग-अलग तरह का भोजन करते हैं, लेकिन सभी साथ मिलकर रहते हैं और भारत लगातार आगे बढ़ रहा है।"

थानेदार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते थे कि अमेरिकी सांसद स्वयं भारत आकर यहां की प्रगति देखें। उन्होंने कहा कि वह पहले भी अमेरिकी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भारत लेकर आ चुके हैं और अब रिपब्लिकन तथा डेमोक्रेटिक सांसदों के साथ एक और दौरे की योजना बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, "पीएम मोदी ने मुझे आमंत्रित किया और कहा कि कांग्रेस के सदस्यों को साथ लेकर आइए, ताकि वे खुद भारत को देख सकें।"

उन्होंने कहा, "इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य उन्हें भारत में हो रही प्रगति दिखाना है, यह बताना है कि गरीब लोगों का जीवन कैसे बेहतर हुआ है और पिछले 10 वर्षों में भारत किस तरह दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।"

थानेदार ने विश्वास जताया कि कुछ ही वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। इस उपलब्धि का जश्न मनाया जाना चाहिए।"

भारत-अमेरिका संबंधों पर उन्होंने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक देशों को चीन की चुनौतियों का मिलकर सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा, "भारत और अमेरिका को साथ मिलकर चीन का मुकाबला करना चाहिए।"

थानेदार ने कहा, "पीएम मोदी के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं और मैं उनके लंबे जीवन की कामना करता हूं। मैं दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों के लिए लगातार काम करता रहूंगा।"

--आईएएनएस

केके/वीसी