विदेशी मंचों पर भी गूंज रहा देसी कॉमेडी का अंदाज, नवीन प्रभाकर बोले-'हंसी ही मेरी यूनिवर्सल भाषा'

विदेशी मंचों पर भी गूंज रहा देसी कॉमेडी का अंदाज, नवीन प्रभाकर बोले-'हंसी ही मेरी यूनिवर्सल भाषा'

मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। कमीडियन नवीन प्रभाकर इन दिनों अपने अंतरराष्ट्रीय शो को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि उनके शो में दर्शकों को एक ही शाम में बॉलीवुड के कई रंग देखने को मिलेंगे। इसमें अमिताभ बच्चन से लेकर गोविंदा, अक्षय कुमार और शाहरुख खान तक के अंदाज शामिल होंगे। इसके साथ ही मराठी तड़का, गुजराती गरबा और पंजाबी खाने-पीने से जुड़े मजेदार पंच भी शो का हिस्सा होंगे।

आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, ''दर्शकों को एक ही शाम में पूरा बॉलीवुड देखने को मिलेगा। अमिताभ बच्चन से लेकर गोविंदा, अक्षय कुमार और शाहरुख खान तक के अंदाज होंगे। इसके साथ मराठी तड़का, गुजराती गरबा और पंजाबी खाने से जुड़े मजेदार पंच भी होंगे। यह सिर्फ एक शो नहीं है, बल्कि देसी शादी जैसा अनुभव होगा, जहां हर कोई साथ में नाचेगा, गाएगा और हंसेगा। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उस शाम देसी दिल सबसे जोर से धड़केगा।''

उन्होंने भारत और विदेशों में मिलने वाली प्रतिक्रिया के अंतर पर भी बात की और बताया कि भारत में दर्शक उन्हें पहले से जानते हैं, इसलिए उनके अंदाज और कॉमेडी से जल्दी जुड़ जाते हैं, जबकि विदेशों में दर्शकों को पहले उनके काम से परिचित होना पड़ता है। उन्होंने कहा, ''अपने देश में लोग इसलिए हंसते हैं, क्योंकि वे मुझे पहले से पहचानते हैं। विदेशों में लोग इसलिए हंसते हैं, क्योंकि वहां वे मुझे जानने लगते हैं। वहां हर हंसी के साथ घर की कोई न कोई याद जुड़ी होती है। असल में वह अपने देश और अपनी मिट्टी की याद होती है। हमारा काम उस याद को हंसी में बदलना है। बस यही फर्क है।''

नवीन के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना किसी दबाव से ज्यादा गर्व की बात है। उन्होंने कहा, ''मैं कभी मंच पर अकेला नहीं जाता। अपने साथ पूरा भारत लेकर जाता हूं। जब विदेशी दर्शक भी 'पहचान कौन' बोलने लगते हैं, भले ही उन्हें इसका मतलब पूरी तरह समझ न आए, लेकिन वे अपने देसी दोस्तों के साथ हंसते हैं, तो मुझे लगता है कि मैंने कॉमेडी का झंडा ऊंचा कर दिया है।''

कॉमेडी में सीमाओं और मर्यादा को लेकर भी नवीन की अपनी अलग सोच है। उन्होंने कहा, ''कमीडियन का काम सीमाएं तोड़ना नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ना है। मैं मर्यादा में रहते हुए बिना किसी सीमा के लोगों को हंसाता हूं। लक्ष्मण रेखा के भीतर रहकर भी पूरी रामायण को हंसाया जा सकता है, बस आपकी नीयत साफ होनी चाहिए।''

अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के दर्शकों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए नवीन अपनी कॉमेडी की प्रस्तुति में कुछ बदलाव जरूर करते हैं। उन्होंने बताया, ''हां, मैंने अपनी मिमिक्री के मसाले में थोड़ा बदलाव किया है, लेकिन उसका स्वाद आज भी पूरी तरह देसी है। पंच हिंदी में होता है, भावनाएं बॉलीवुड वाली होती हैं और हंसी में गुजराती तड़का भी शामिल रहता है। आप भाषा समझें या न समझें, हंसी हर कोई समझता है। यही मेरी यूनिवर्सल भाषा है।''

कॉमेडी के बदलते स्वरूप पर बात करते हुए नवीन ने कहा, ''पहले कॉमेडी का मकसद सिर्फ लोगों को हंसाना होता था, लेकिन अब इसके जरिए दर्शकों का दिल जीतना भी जरूरी हो गया है। समय के साथ कॉमेडी करने के तरीके बदले हैं। कुछ लोग गाली-गलौज और ज्ञान देने को भी कॉमेडी का हिस्सा बना रहे हैं, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में दर्शक साफ-सुथरी और परिवार के साथ बैठकर देखी जा सकने वाली कॉमेडी पसंद करते हैं। मैं उन्हें वही देता हूं, बस अपने नए अंदाज में।''

नवीन प्रभाकर 19 नवंबर से कतर के दोहा में लाइव परफॉर्मेंस देने जा रहे हैं।

--आईएएनएस

पीके/पीएम