टेस्ट सीरीज: साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेशी टीम घोषित, अनकैप्ड महफिजुल इस्लाम को मौका

टेस्ट सीरीज: साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेशी टीम घोषित, अनकैप्ड महफिजुल इस्लाम को मौका

ढाका, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषणा कर दी है। इसमें अनकैप्ड ओपनिंग बल्लेबाज महफिजुल इस्लाम को शामिल किया गया है, जबकि बल्लेबाज मोहम्मद नईम की चार साल बाद वापसी हुई है।

यह सीरीज 15 नवंबर को जोहान्सबर्ग में शुरू होगी। इसके बाद दूसरा मैच 23 नवंबर से सेंचुरियन में खेला जाएगा। इसके बाद तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे।

ये दोनों बल्लेबाज मौजूदा 'नेशनल क्रिकेट लीग' में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। महफिजुल ने 10 पारियों में 672 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और एक दोहरा शतक शामिल है। वहीं, नईम ने सात पारियों में 612 रन बनाए हैं, जिसमें एक दोहरा शतक और दो अन्य शतक शामिल हैं।

ये दोनों खिलाड़ी इस साल की शुरुआत में भी साउथ अफ्रीका गए थे। नईम 'बांग्लादेश ए' टीम के साथ अनौपचारिक टेस्ट और वनडे मैचों के लिए गए थे, जबकि महफिजुल 'बांग्लादेश इमर्जिंग' टीम के साथ साउथ अफ्रीका की इमर्जिंग टीम का सामना करने गए थे।

नईम ने अपने करियर में अब तक केवल एक टेस्ट मैच खेला है, जो 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ था। उन्हें टीम में तब शामिल किया गया है जब बांग्लादेश के पास शादमान इस्लाम उपलब्ध नहीं हैं, जिन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान टखने में चोट लग गई थी। वहीं, महफिजुल को इसलिए शामिल किया गया है, क्योंकि बांग्लादेश को एक दाएं हाथ के ओपनर की जरूरत थी, और महमुदुल हसन जॉय टीम में जगह नहीं बना पाए।

स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा एक बार फिर टीम में जगह नहीं बना पाए, क्योंकि वह अभी भी 'लैब्रुम टियर' की चोट से उबर रहे हैं। ऑफ-स्पिनर नईम हसन और विकेटकीपर-बल्लेबाज अमित हसन भी इस बार टीम में नहीं हैं। तेज गेंदबाज खालिद अहमद की टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा, मोमिनुल हक, जो 'कन्कशन' के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट नहीं खेल सके थे, उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुना गया है।

साउथ अफ्रीकी दौरे के लिए बांग्लादेश की टेस्ट टीम: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), तंजिद हसन तमीम, मोहम्मद नईम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, लिटन दास, तौहीद हिरदॉय, जेकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज (उप-कप्तान), तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, शोरिफुल इस्लाम, इबादत हुसैन, खालिद अहमद, महफिजुल इस्लाम।

--आईएएनएस

आरएसजी