एआई के प्रभाव को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा, अगले कुछ वर्षों में खत्म नहीं होंगी व्हाइट-कॉलर नौकरियां : रघुराम राजन

एआई के प्रभाव को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा, अगले कुछ वर्षों में खत्म नहीं होंगी व्हाइट-कॉलर नौकरियां : रघुराम राजन

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभाव को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है और अगले कुछ वर्षों में व्हाइट-कॉलर नौकरियां खत्म नहीं होने वाली है। यह बयान भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन की ओर से दिया गया।

प्रोजेक्ट सिंडिकेट द्वारा प्रकाशित एक हालिया आर्टिकल में उन्होंने लिखा कि टेक्नोलॉजी को अपनाने की गति, बाजार प्रतिस्पर्धा और सरकारी नीतियां ही यह तय करेंगी कि यह बदलाव किस तरह सामने आएगा।

राजन ने आगे कहा, "नई टेक्नोलॉजी को विभिन्न उद्योगों में फैलने में आमतौर पर पूर्वानुमानों से अधिक समय लगता है।"

उन्होंने कहा, "सॉफ्टवेयर जैसे कुछ क्षेत्रों को छोड़कर, विभिन्न चुनौतियां और बदलाव के प्रति प्रतिरोध अकसर नई तकनीकों को अपनाने की प्रक्रिया को धीमा कर देते हैं।"

अपनी बात को समझाने के लिए, राजन ने ऑटोमेटेड टेलीफोन एक्सचेंजों का उदाहरण दिया, जिन्हें मानव ऑपरेटरों की जगह पूरी तरह से लेने में दशकों लग गए।

उन्होंने तर्क दिया कि कई उद्योगों में एआई के व्यापक उपयोग में भी इसी तरह की देरी हो सकती है।

राजन ने बाद में लिंक्डइन पर एक पोस्ट में अपने विचारों को साझा किया, जहां उन्होंने कहा कि एआई से संबंधित कई भविष्यवाणियां समाज और राजनीति की भूमिका को नजरअंदाज करती हैं।

उन्होंने कहा,“जनमत और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी इस बात को निर्धारित करेंगी कि एआई नौकरियों और व्यापक अर्थव्यवस्था को कैसे प्रभावित करता है।”

अपने विश्लेषण में, राजन ने एआई-आधारित अर्थव्यवस्था के लिए कई संभावित मार्ग बताए।

अपने आउटलुक में राजन ने कहा कि एंथ्रोपिक और मेटा प्लेटफॉर्म्स जैसी कंपनियों द्वारा विकसित कुछ शक्तिशाली एआई प्लेटफॉर्म मजबूत तकनीकी बढ़त हासिल कर सकते हैं और ये कंपनियां अपने एआई सिस्टम पर निर्भर व्यवसायों से ऊंची कीमतें वसूल सकती हैं।

यदि ऐसा होता है, तो विभिन्न उद्योगों की कंपनियां कई कार्यों को स्वचालित करने और व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों की संख्या कम करने के लिए एआई का उपयोग कर सकती हैं।

ऐसे में जिन कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, वे खुदरा या आतिथ्य जैसे सेवा क्षेत्रों में जा सकते हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है और इन क्षेत्रों में वेतन कम हो सकता है।

राजन ने एक और संभावना का भी जिक्र किया, जिसमें कई एआई सिस्टम बाजार में प्रतिस्पर्धा करते हैं।

उन्होंने कहा, "ऐसे परिदृश्य में, उत्पादकता में वृद्धि कुछ कंपनियों तक सीमित रहने के बजाय अर्थव्यवस्था में अधिक व्यापक रूप से फैल सकती है।"

--आईएएनएस

एबीएस/