मिजोरम पीएससी में 25 पदों पर भर्ती शुरू, 20 मई तक करें आवेदन

मिजोरम पीएससी में 25 पदों पर भर्ती शुरू, 20 मई तक करें आवेदन

आइजोल, 1 मई (आईएएनएस)। सरकारी सेवक बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। मिजोरम लोक सेवा आयोग (मिजोरम पीएससी) ने मिजोरम स्वास्थ्य सेवा के जूनियर श्रेणी (संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा) 2026 के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में डेंटल सर्जन सब-कैडर सहित कुल 25 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

मिजोरम पीएससी ने जिन 25 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें डेंटल सर्जन सब-कैडर के 5 और जीडीएमओ सब-कैडर के 20 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 मई तय की गई है। जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के शाम 04.00 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

डेंटल सर्जन सब-कैडर पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीडीएस डिग्री के साथ राष्ट्रीय परिषद या राज्य परिषद से स्थायी पंजीकरण होना चाहिए। वहीं, जीडीएमओ सब-कैडर पद के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास एमबीबीएस डिग्री के साथ रोटेटिंग इंटर्नशिप का पूरा होना अनिवार्य है। इसी के साथ दोनों ही पदों के लिए कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर प्रवीणता, मिजो भाषा में दक्षता और अन्य निर्धारित पात्रता होनी चाहिए।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा, स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन मैट्रिक्स में स्तर 10 के अनुसार प्रति माह होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एमपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम