गांधीनगर, 29 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में आयोजित ‘हॉस्पिका-2026’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुजरात को नरेंद्र मोदी की विजनरी लीडरशिप का लाभ पिछले 50 वर्षों से मिलता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'सर्वे सन्तु निरामया' मंत्र राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास का आधार बना है। गुजरात ने मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे का निर्माण किया है। इसमें निजी स्वास्थ्य क्षेत्र और राज्य सरकार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
सीएम ने बताया कि सभी नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया है। राज्य में उप स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों तक 11,000 से अधिक सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान कार्यरत हैं।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स में स्वास्थ्य एवं कल्याण के लक्ष्य में गुजरात बड़े राज्यों में लगातार दो बार प्रथम स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में 10,000 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर कार्यरत हैं। प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर डायलिसिस सेंटर तथा प्रत्येक जिले में कीमोथेरेपी सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के बेस्ट हेल्थकेयर इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा हेल्थ सर्विसेज के कारण राज्य में मेडिकल टूरिज्म भी बढ़ रहा है। उन्होंने जोड़ा कि देश के शीर्ष तीन मेडिकल टूरिज्म स्थलों में गुजरात को स्थान दिलाने के लिए सरकार प्रयासरत है।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हेल्थकेयर सेक्टर में बड़ा ट्रांसफॉर्मेशन आया है। प्रधानमंत्री ने 'आरोग्य परम भाग्य' के मंत्र के साथ होलिस्टिक हेल्थकेयर पर विशेष बल दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में हेल्थकेयर सेक्टर का विकास पांच पिलर्स- प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, अर्ली डिटेक्शन, सस्ता उपचार और किफायती दरों पर दवाइयां, एक्सेसिबिलिटी तथा स्वास्थ्य सेवाओं में अधिक से अधिक टेक्नोलॉजी का उपयोग पर किया है। प्रधानमंत्री ने ‘हेल्थकेयर फॉर ऑल’ से गरीबों के स्वास्थ्य कल्याण का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि गुजरात में आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत 10 लाख रुपए तक की सहायता दी जाती है। टेलीमेडिसिन द्वारा सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुंचती हैं और अब तक 1.39 करोड़ से अधिक टेली कन्सल्टेशन हुए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में 9 मेडिकल कॉलेज तथा स्नातक स्तर की 1125 सीटें थीं, जो आज बढ़कर 43 मेडिकल कॉलेज हो गई हैं और एमबीबीएस में 7875 सीटें तथा स्नातकोत्तर की 3696 सीटें हो गई हैं। राज्य में नर्सिंग की लगभग 59,900 सीटें हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमें स्वस्थ भारत के निर्माण से विकसित भारत का निर्माण करना है। स्वस्थ भारत के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। सीएम भूपेंद्र पटेल ने आशा व्यक्त की कि होलिस्टिक हेल्थकेयर में हॉस्पिका जैसे प्रयास विकसित गुजरात से विकसित भारत का मजबूत आधार बनेंगे।
--आईएएनएस
एसके/वीसी