चौथा टी20: मिचेल मार्श का तूफानी शतक बेकार, इंग्लैंड को 7 रन से हराया, सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त

चौथा टी20: मिचेल मार्श का तूफानी शतक बेकार, इंग्लैंड को 7 रन से हराया, सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त

सिडनी, 29 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श की शतकीय पारी बेकार गई, क्योंकि मेहमान टीम ने रविवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले को 7 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ इंग्लैंड ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त हासिल ली है। अंतिम मुकाबला 2 दिसंबर को कैनबरा में खेला जाना है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। इस टीम को 7 के स्कोर पर फिलिप साल्ट (7) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद 32 रन तक 4 विकेट गिर गए। यहां से जेम्स कोल्स ने जॉर्डन कॉक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 76 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कॉक्स 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

यहां से सैम करन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जेम्स कोल्स (33) के साथ छठे विकेट के लिए 17 रन और लियाम डॉसन (23) के साथ सातवें विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की। करन ने जेमी ओवरटन (नाबाद 20) के साथ आठवें विकेट के लिए 20 गेंदों में 51 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। करन 28 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 50 रन बनाकर नाबाद रहे।

मेजबान टीम से स्पेंसर जॉनसन और रिले मेरेडिथ ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि एडम जांपा, जैक एडवर्ड्स और निखिल चौधरी ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 174 रन ही बना सकी। इस टीम को 15 के स्कोर पर जेक फ्रेजर-मैकगर्क (0) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद कप्तान मिचेल मार्श ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सैम हार्पर के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 52 रन जुटाते हुए टीम को अर्धशतक के पार पहुंचाया।

टीम को सैम हार्पर (18) के रूप में दूसरा झटका लगा, जिसके कुछ देर बाद निखिल चौधरी (12) ने भी अपना विकेट गंवा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 9.1 ओवरों में 82 के स्कोर पर तीसरा विकेट खो दिया था, जिसके बाद टिम डेविड (12) के साथ मार्श ने चौथे विकेट के लिए 29 रन, जबकि लैकलन शॉ (6) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 150 के स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान मार्श ने जैक एडवर्ड्स (नाबाद 4) के साथ छठे विकेट के लिए 14 गेंदों में 23 रन जोड़े।

ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 12 रन की दरकार थी। हेनरी क्रोकोम्बे के ओवर की शुरुआती तीनों गेंदों पर सिंगल आए, जिससे ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ गया। चौथी गेंद पर मार्श कैच आउट हो गए। 49 गेंदों पर शतक पूरा करने वाले मार्श ने इस पारी में 57 गेंदों का सामना किया, जिसमें 9 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 119 रन बनाए।

अगली गेंद पर जोएल डेविस (0) पगबाधा आउट हुए। एडम जांपा अंतिम गेंद खेलने मैदान पर उतरे, जिस पर 1 रन लिया और ऑस्ट्रेलिया ने मैच के साथ सीरीज भी गंवा दी। हालांकि, शानदार प्रदर्शन के लिए मिचेल मार्श को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

इंग्लैंड की तरफ से 25 वर्षीय हेनरी क्रोकोम्बे ने 3 ओवरों में 28 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि सैम करन, लियाम डॉसन, आदिल रशीद और जेमी ओवरटन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इंग्लैंड ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद टी20 सीरीज के पहले मैच को ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट से जीता, लेकिन अगले मैच को इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीतकर सीरीज को बराबरी पर ला दिया। इंग्लैंड ने तीसरे मुकाबले में डकवर्थ लुईस निमय के आधार पर 7 विकेट से जीत हासिल की और 2-1 से बढ़त हासिल की और फिर अगले मुकाबले को जीतकर सीरीज को अपने नाम कर लिया।

--आईएएनएस

आरएसजी