नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर सोने में रेडियम पाउडर या अन्य धातुओं की मिलावट को लेकर वायरल हो रहे वीडियो के बीच ऑल बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अध्यक्ष योगेश सिंगला ने उपभोक्ताओं से घबराने की बजाय सतर्क रहने की सलाह दी है। गुरुवार को आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सोने में मिलावट की आशंकाएं नई नहीं हैं और पिछले कई दशकों से इस तरह की बातें सामने आती रही हैं। हालांकि वर्तमान समय में हॉलमार्किंग और आधुनिक परीक्षण प्रणालियों के कारण ऐसी मिलावट को आसानी से पकड़ा जा सकता है।
आईएएनएस से बातचीत में योगेश सिंगला ने कहा कि जब उन्होंने करीब 45 वर्ष पहले ज्वैलरी कारोबार में काम शुरू किया था, तब भी इस तरह की धातुओं के बारे में चर्चाएं होती थीं। उन्होंने बताया कि कुछ निर्माताओं ने अतीत में सोने में इस प्रकार की धातुएं मिलाने को लेकर प्रयोग भी किए थे, लेकिन वे सफल नहीं हुए क्योंकि इन धातुओं को अत्यधिक उच्च तापमान पर पिघलाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी धातुएं आमतौर पर तस्करी के जरिए देश में आती हैं और मौजूदा समय में इन्हें सोने में मिलाना आर्थिक रूप से भी लाभकारी नहीं है। यही वजह है कि इस तरह की मिलावट की संभावना बेहद कम है।
आईबीजेए के अध्यक्ष ने आगे कहा, "यदि कोई मिलावट करने की कोशिश भी करे तो हॉलमार्किंग सेंटर, फायर असेइंग और एक्स-रे फ्लोरेसेंस (एक्सआरएफ) टेस्ट जैसी आधुनिक जांच प्रणालियां उसे आसानी से पकड़ लेती हैं।" उन्होंने बताया कि सोने की शुद्धता की जांच के दौरान सोना, चांदी और तांबे के अलावा मौजूद अन्य किसी भी धातु का पता लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, "करीब 10 वर्ष पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद एसोसिएशन ने इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया था। उस समय सभी हॉलमार्किंग और टंच केंद्रों को निर्देश दिया गया था कि यदि सोने में सोना, चांदी और तांबे के अलावा कोई अन्य धातु जैसे इरिडियम, रूथेनियम, रेनियम या अन्य तत्व पाए जाते हैं तो उनकी जानकारी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए।"
योगेश सिंगला ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के कारण उपभोक्ताओं के बीच भ्रम और चिंता का माहौल बना है। हालांकि पिछले 45 वर्षों में इस तरह के कई दावे सामने आते रहे हैं और हर बार जांच में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई है। इसलिए लोगों को अपुष्ट सोशल मीडिया दावों के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।
उन्होंने आगे उपभोक्ताओं को सलाह दी कि सोना खरीदते समय हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाले आभूषण खरीदें और अधिकृत ज्वैलर से पक्का बिल अवश्य लें। उन्होंने कहा कि हॉलमार्किंग, बिल और प्रमाणित विक्रेता से खरीदारी ही ग्राहकों को किसी भी तरह की धोखाधड़ी या मिलावट से सबसे बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है।
--आईएएनएस
डीबीपी