नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग के अंतर्गत डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस (डीजीक्यूए) ने सीधी भर्ती के तहत ग्रुप 'सी' नॉन-मिनिस्टीरियल इंडस्ट्रियल के विभिन्न 32 पदों के लिए एक विज्ञापन प्रकाशित करके उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
डीजीक्यूए की ओर से जारी 32 रिक्तियों में टेक्नीशियन (कुशल) के 11 और टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) के 21 पद शामिल हैं। टेक्नीशियन (कुशल) के 11 पदों में सीक्यूए (जीएस), कानपुर के 5; सीक्यूए (एम), कानपुर का 1; एसक्यूएई (जीएस), कानपुर के 2; और एसक्यूएई (जीएस), शाहजहांपुर के 3 पद हैं। वहीं, टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) के 21 पदों में सीक्यूए (जीएस), कानपुर के 3; सीक्यूए (टी एंड सी), कानपुर के 3; सीक्यूए (एम), कानपुर के 3; सीक्यूए (पीपी), कानपुर के 2; एसक्यूएई (जीएस), कानपुर के 5; एसक्यूएई (जीएस), नई दिल्ली के 3; और एसक्यूएई (जीएस), शाहजहांपुर के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि समाचार पत्र में विज्ञापन छपने की तारीख से 21 दिन बाद होगी। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले और चंबा जिले के पांगी सब-डिवीजन, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह एवं लक्षद्वीप में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन मिलने की आखिरी तारीख समाचार पत्र में विज्ञापन छपने की तारीख से 28 दिन बाद होगी। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से टेक्नीशियन (कुशल) के लिए मैट्रिकुलेशन (10वीं कक्षा पास) के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई पास सर्टिफिकेट या केंद्र सरकार या राज्य सरकारों द्वारा अनुमोदित इसके समकक्ष डिफेंस सर्विसेज ट्रेड्समैन कोर्स (कंप्यूटर हार्डवेयर और नेटवर्किंग, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, कटिंग और सिलाई, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम रखरखाव, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, मशीनिस्ट, पेंटर, पैटर्न मेकर, प्लंबर, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनर मैकेनिक, टूल और डाई मेकर या टूल्स और डाई (जिग और फिक्स्चर)) होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त संगठन या उपक्रम से निर्दिष्ट ट्रेड में एक वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है।
टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) के लिए निर्दिष्ट ट्रेड में आईटीआई पास सर्टिफिकेट या केंद्र सरकार या राज्य सरकारों द्वारा अनुमोदित इसके समकक्ष डिफेंस सर्विसेज ट्रेड्समैन कोर्स (बुक बाइंडर, बढ़ई, कंप्यूटर हार्डवेयर और नेटवर्किंग, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, कटिंग और सिलाई, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम रखरखाव, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, पेंटर, प्लंबर, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनर मैकेनिक, टूल और डाई मेकर या टूल्स और डाई (जिग और फिक्स्चर) होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और ट्रेड टेस्ट, शॉर्टलिस्टिंग, मेरिट सूची और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी टेक्नीशियन (कुशल) के लिए 19,900 से 63,200 रुपए और टेक्नीशियन (अर्ध-कुशल) के लिए 18,000 से 56,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीजीक्यूए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'नियंत्रक, गुणवत्ता आश्वासन निदेशालय (सामान्य भंडार), डीजीक्यूए भंडार परिसर, अशोक पथ, मीरपुर छावनी, कानपुर - 208004, उत्तर प्रदेश' पर तय समय सीमा के अंदर सामान्य डाक/स्पीड पोस्ट के माध्यम से पहुंचा दें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम