नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारत में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में सालाना आधार पर बढ़कर 6.09 प्रतिशत (प्रोविजनल) हो गई है, यह सितंबर 2026 में दर्ज 5.54 प्रतिशत (फाइनल) के मुकाबले 0.55 प्रतिशत अधिक है। यह जानकारी सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों में दी गई।
मंत्रालय ने बताया कि देश में अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत रही है। वहीं, शहरी इलाकों में यह 5.41 प्रतिशत रही है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर में तेज बढ़ोतरी देखी गई है और यह सितंबर के 7.74 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
इस दौरान ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई दर 9.09 प्रतिशत रही है। वहीं, शहरी इलाकों में यह 8.68 प्रतिशत पर थी।
मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में सालाना आधार पर जिन पांच वस्तुओं के दाम में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली है, उनमें प्याज (116.22 प्रतिशत), लहसुन (60.74 प्रतिशत), सिल्वर ज्वेलरी (52.39 प्रतिशत), अदरक (48.32 प्रतिशत) और नींबू (47.30 प्रतिशत) शामिल हैं।
वहीं, इस दौरान सालाना आधार पर जिन पांच वस्तुओं के दाम में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई है, उनमें आलू (-14.24 प्रतिशत), फूलगोभी (-10.57 प्रतिशत), नारियल (-5.60 प्रतिशत), बैंगन (-3.34 प्रतिशत) और पत्तागोभी (-1.92 प्रतिशत) शामिल हैं।
इसके अलावा, अक्टूबर में खुदरा महंगाई में तमिलनाडु (7.29 प्रतिशत), तेलंगाना (7.26 प्रतिशत), आंध्र प्रदेश (7.25 प्रतिशत), मध्य प्रदेश (7.19 प्रतिशत) और ओडिशा (7.17 प्रतिशत) के साथ देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल थे।
मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के फील्ड ऑपरेशंस डिवीजन के फील्ड स्टाफ द्वारा सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 1407 शहरी बाजारों (ऑनलाइन बाजारों सहित) और 1465 गांवों से साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार व्यक्तिगत रूप से जाकर रियल-टाइम मूल्य डेटा एकत्र किया जाता है। अक्टूबर 2026 के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में रिस्पॉन्स रेट 100 प्रतिशत रहा।
--आईएएनएस
एबीएस