पाकिस्तान घरेलू समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए कर रहा छोटी-मोटी हरकतें : राजन बख्शी

पाकिस्तान घरेलू समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए कर रहा छोटी-मोटी हरकतें: लेफ्टिनेंट जनरल राजन बख्शी

चंडीगढ़, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ की पोस्ट पर हुए आतंकी हमले को लेकर भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राजन बख्शी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हमले को लंबे समय बाद किसी सुरक्षा चौकी या सीआरपीएफ पोस्ट को निशाना बनाने वाली घटना बताया।

उनका मानना है कि पाकिस्तान फिलहाल पहलगाम जैसे किसी बड़े हमले को अंजाम देने से बचना चाहता है, क्योंकि ऐसा होने पर दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावनाएं समाप्त हो सकती हैं और युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि पाकिस्तान अपने घरेलू हालात से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की छोटी-मोटी घटनाओं को अंजाम दे सकता है।

राजन बख्शी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सीआरपीएफ की जिस पोस्ट पर हमला हुआ, वहां सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं और आसपास सुरक्षा बलों की अन्य चौकियां भी मौजूद हैं। ऐसी किसी सुरक्षा पोस्ट पर लंबे अंतराल के बाद हमला हुआ है। हालांकि, जुलाई में कुलगाम क्षेत्र में दो मजदूरों की हत्या की गई थी। इसके अलावा, अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की भी जान गई थी, लेकिन किसी पुलिस चौकी या सीआरपीएफ पोस्ट को सीधे निशाना बनाए जाने की घटना काफी समय बाद सामने आई है।

उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि यदि इस तरह की कोई घटना दोबारा होती है, तो उसे युद्ध की शुरुआत के रूप में देखा जाएगा और भारत इसका जवाब देगा। भारत ने उस समय अपनी तरफ से जवाबी कार्रवाई भी की थी। पाकिस्तान अब पहलगाम जैसा बड़ा हमला नहीं करना चाहता, क्योंकि इससे बातचीत के रास्ते बंद हो सकते हैं और दोनों देशों के बीच तनाव बढ़कर युद्ध का रूप ले सकता है। इसलिए वह छोटी घटनाओं के जरिए अपनी गतिविधियां जारी रख सकता है।

पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति पर बात करते हुए राजन बख्शी ने कहा कि वहां आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियां अच्छी नहीं हैं। देश की अर्थव्यवस्था मुश्किलों का सामना कर रही है और राजनीतिक व्यवस्था भी लोकतांत्रिक रूप से मजबूत नहीं है। पाकिस्तान में सेना सबसे शक्तिशाली संस्था है और वही महत्वपूर्ण फैसले लेती है। ऐसे में पाकिस्तान बड़े हमले करने के बजाय छोटी-मोटी घटनाओं के जरिए अपने घरेलू मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस तरह की छोटी घटनाएं जारी रह सकती हैं। हालांकि, कश्मीर घाटी में घुसपैठ के लिए इस्तेमाल होने वाले पहाड़ी दर्रे जल्द ही बर्फबारी के कारण बंद हो जाएंगे। ऐसे में आतंकियों के पास घुसपैठ करने और हमलों को अंजाम देने के लिए सीमित समय बचा है। सरकार का दावा है कि आतंकी हमले की आशंका को लेकर पहले से सूचना थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि हमला कहां, किस तरह और किस स्तर पर होगा। यदि किसी विशेष क्षेत्र या सुरक्षा पोस्ट पर हमले की ठोस जानकारी होती, तो स्थिति अलग हो सकती थी।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम