ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्णायक टेस्ट मैच के लिए साउथ अफ्रीकी प्लेइंग इलेवन घोषित, नॉर्त्जे की जगह कोएत्जी शामिल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्णायक टेस्ट मैच के लिए साउथ अफ्रीकी प्लेइंग इलेवन घोषित, नॉर्त्जे की जगह कोएत्जी शामिल

केप टाउन, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार से न्यूलैंड्स में शुरू होने जा रहे टेस्ट सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले से पहले साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। चोटिल एनरिक नॉर्त्जे की जगह गेराल्ड कोएत्जी को टीम में शामिल किया है।

कोएत्जी करीब दो साल बाद इस फॉर्मेट में वापसी करने जा रहे हैं; उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2024 में डरबन में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। एनरिक नॉर्त्जे को दूसरे टेस्ट मैच के दौरान ग्रोइन इंजरी हुई थी, जिसके बाद वह सीरीज के अंतिम मुकाबले से बाहर हो गए।

साउथ अफ्रीका ने चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया है, जबकि साइमन हार्मर एकमात्र स्पिनर होंगे। इसके अलावा, एडेन मार्करम भी पार्ट-टाइम गेंदबाजी कर सकते हैं, जिन्होंने पिछले दोनों ही टेस्ट मैचों में गेंद थामी थी।

पिछले मैच में डेब्यू करने वाले मार्केस एकरमैन, एडेन मार्करम के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे। वहीं, पिछले मैच की तरह इस बार भी रयान रिकेल्टन विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। काइल वेरेने और केशव महाराज इस मैच में भी बाहर ही रहेंगे।

साउथ अफ्रीका ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज का पहला मैच 214 रन से अपने नाम किया। हालांकि, अगले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पारी और 31 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज के अंतिम मुकाबले के निर्णायक बना दिया है।

सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में 92 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवाने के बावजूद साउथ अफ्रीका ने कप्तान टेंबा बावुमा (179), मार्को जानसेन (85) और साइमन हार्मर (82) की शानदार पारियों के दम पर अपनी पहली पारी 425/9 के स्कोर पर घोषित की। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 99 रन पर सिमट गई। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में सिर्फ 295 रन पर सिमट गई।

--आईएएनएस

आरएसजी