एशियन पैरा गेम्स: ऐतिहासिक प्रदर्शन कर स्वदेश लौटे एथलीटों का भव्य स्वागत, अवनि बोलीं- देश के लिए पदक जीतकर अच्छा लग रहा

एशियन पैरा गेम्स: ऐतिहासिक प्रदर्शन कर स्वदेश लौटे एथलीटों का भव्य स्वागत, अवनि बोलीं- देश के लिए पदक जीतकर अच्छा लग रहा

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भारतीय दल की स्वदेश वापसी हो गई है। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर एथलीटों और कोचिंग स्टाफ का भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पदक विजेता अवनि लेखरा ने आईएएनएस से कहा, "देश के लिए फिर से मेडल जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। इस बार सभी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मैं पूरे देश, हमारे फेडरेशन, साई और सभी की बहुत शुक्रगुजार हूं। इतना प्यार और सपोर्ट देने के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।"

भारतीय शूटिंग टीम के कोच पवित्तर ने कहा, "बच्चों को थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन जिस तरह से बच्चों ने वहां प्रदर्शन किया, वह सच में तारीफ के काबिल है। बच्चों ने वहां सिर्फ पदक नहीं जीते, बल्कि पदकों का रिकॉर्ड बनाया।"

एक अन्य शूटिंग कोच राकेश सिंह ने कहा, "मैं एक पैरा कोच हूं। मैं नेशनल कोच हूं। मैं एबल कैटेगरी को भी ट्रेनिंग देता हूं, लेकिन पैरा में, एथलीट्स के मामले में ज्यादा चुनौती होती है, क्योंकि हमें उनकी दिव्यांगता भी देखनी होती है। उन्हें कहां दिक्कतें आती हैं और कहां नहीं, और उस पर काम करना होता है।"

पदक विजेता सृष्टि अरोड़ा ने कहा, "यह बहुत गर्व का पल है, सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि मेरे परिवार, हमारे फेडरेशन और हमारे देश के लिए भी बहुत गर्व का पल है।"

पदक विजेता मनीष नरवाल ने कहा, "मैं यहां पहुंचा, तो देश ने मेरा स्वागत किया। मेरे परिवार के लोग यहां हैं। मेरे कोच भी यहां हैं। मैं अपने परिवार, देशवासियों और अपने कोच, सभी को धन्यवाद देता हूं। इस मुकाम तक पहुंचने में सभी का योगदान है, पूरे देश का योगदान है।"

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है। खेलों के इस पांचवें संस्करण में भारतीय दल ने अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 ब्रॉन्ज सहित कुल 114 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

--आईएएनएस

पीएके