नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) को पत्र लिखकर अफगानिस्तान अंडर-19 टीम के कप्तान सोहेल खान द्वारा बांग्लादेश अंडर-19 के खिलाफ वनडे मैच में '11वां ओवर' फेंकने का आरोप लगाया है।
बांग्लादेश अंडर-19 के कोच हन्नान सरकार ने बताया कि टीम ने अंपायरिंग के फैसलों में हुई गलतियों के बारे में भी लिखा है। कप्तान की ओर से एक नोट भी संलग्न किया है, जिसमें बताया गया है कि बुधवार को सीरीज के तीसरे मैच के दौरान अफगानिस्तान अंडर-19 के कप्तान ने वनडे नियमों के तहत निर्धारित 10 ओवरों की जगह 11 ओवर फेंके।
अल अमीरात में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुभान जखैल (81) और शाह फैसल रहीमी (80) की शानदार पारियों के दम पर 237 रन बनाए। इस पारी में बांग्लादेशी गेंदबाज अल अमीन होसेन ने 6 विकेट निकाले। इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 38.2 ओवरों में 194 रन पर सिमट गई। अफगान कप्तान सोहेल खान न 2 विकेट हासिल किए।
'क्रिकइन्फो' की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेशी टीम ने मैच रेफरी यासिर लतीफजई के साथ लंबी बातचीत की। इसमें उन्होंने अंपायरिंग की कथित गलतियों और अफगानिस्तान अंडर-19 के कप्तान द्वारा एक अतिरिक्त ओवर फेंकने के मुद्दे पर चर्चा की।
क्रिकइन्फो के हवाले से सरकार ने कहा, "हमने कप्तान की रिपोर्ट में अंपायरिंग के फैसलों के बारे में लिखा है और एक विशेष नोट भी जोड़ा है, जिसमें खासतौर पर उन 11 ओवरों का जिक्र किया गया है। चूंकि, कप्तान की रिपोर्ट के सामान्य फॉर्म में ऐसी जानकारी देने के लिए कोई अलग जगह नहीं होती, इसलिए फैसलों की सूची के बाद एक अतिरिक्त नोट जोड़ दिया गया।"
"उनके कप्तान, जो उनकी टीम के मुख्य स्ट्राइक बॉलर भी हैं, उनके तीसरे मैच में कुल 11 ओवर फेंके। हमारे पास आधिकारिक स्कोरर तक पहुंच नहीं थी, इसलिए हम टीम मैनेजर के फोन पर क्रिकइन्फो के जरिए स्कोरकार्ड देख रहे थे। हमारे अपने विश्लेषक के रिकॉर्ड से पता चला कि (सोहेल खान) पहले ही 10 ओवर फेंक चुके थे। जब तक हमारा ध्यान इस पर गया, तब तक वह एक और ओवर फेंकना शुरू कर चुके थे। जैसे ही वह ओवर खत्म हुआ, हमने अंपायर को सूचित किया, हालांकि तब तक ओवर पूरा हो चुका था।"
उन्होंने बताया कि विवादित ओवर का वीडियो मैच रेफरी को भेज दिया गया था। 11वें ओवर में गड़बड़ी तब पैदा हुई, जब स्कोरर ने गलती से उस ओवर को दूसरे गेंदबाज के नाम दर्ज कर दिया। दरअसल, पहले एक अन्य गेंदबाज ओवर फेंकने आने वाला था और उसने अपनी कैप अंपायर को भी दे दी थी, लेकिन आखिरी समय पर अफगानिस्तान कप्तान ने फैसला बदल दिया और खुद गेंदबाजी करने लगे। इसके बावजूद स्कोरर ने ओवर को शाह फैसल रहीमी के नाम दर्ज कर दिया। वहीं, बांग्लादेश का दावा था कि यह ओवर सोहेल ने फेंका था।
"यह गड़बड़ी इसलिए हुई क्योंकि आधिकारिक स्कोरर ने (सोहेल खान के लिए) 10 ओवर दर्ज किए थे। उन्होंने गलती से एक ओवर किसी ऐसे खिलाड़ी के नाम लिख दिया, जिसने असल में गेंदबाजी की ही नहीं थी। हुआ यह था कि उस खिलाड़ी ने अपनी कैप अंपायर को दी थी, लेकिन फिर वापस ले ली, और उसकी जगह कप्तान खुद गेंदबाजी करने आ गए। स्कोरर का इस पर ध्यान नहीं गया और उसने वह ओवर उस दूसरे खिलाड़ी के नाम दर्ज कर दिया।"
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बीसीबी ने अंपायरिंग के फैसलों पर चिंता जताई है, जो उनके अनुसार गलत थे। इनमें एलबीडब्ल्यू और 'कॉट-बिहाइंड' के फैसले शामिल थे। बीसीबी के एक अधिकारी ने कहा, "हमने उन्हें पत्र लिखकर बस इस बात से अवगत कराया है कि (द्विपक्षीय सीरीज के दौरान) क्या हुआ था। हमने उन्हें अगली बार अधिक सावधान रहने की सलाह दी है।"
--आईएएनएस
आरएसजी