न्यूयॉर्क, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राजनीति में साल 2026 कई बड़े बदलावों के लिए याद किया जाएगा। मध्यावधि चुनाव के नतीजे सबक सिखाने वाले और नई ऊर्जा का संचार करने वाले साबित हुए। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ये लिटमस टेस्ट था। उनके दूसरे कार्यकाल के बीच हुए मध्यावधि चुनावों ने न केवल सत्ता का समीकरण बदला, बल्कि अमेरिकी समाज और राजनीति में नए नेतृत्व के उदय की पटकथा भी लिख डाली।
डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत हासिल कर रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका दिया। जॉर्जिया में पहली अश्वेत महिला गवर्नर चुनी गईं, टेक्सास में पहली लैटिना (लैटिन अमरीका की महिला) ने गवर्नर पद हासिल किया और कई ऐसे राज्यों में डेमोक्रेट्स ने परचम लहराया, जिन्हें कभी रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता था। ब्ल्यू आंधी बड़े बदलाव का सबब बनी।
तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया कि ट्रंप की लोकप्रियता और उनकी आक्रामक चुनावी रणनीति के बावजूद अमेरिकी मतदाता हर मुद्दे पर उनके साथ नहीं खड़ा है। नतीजों को उनके दूसरे कार्यकाल की पहली बड़ी चुनावी परीक्षा के तौर पर देखा गया। साल के इन घटनाक्रमों ने अमेरिकी राजनीति की दिशा और आने वाले राष्ट्रपति चुनाव की तस्वीर को काफी हद तक प्रभावित किया।
सबसे बड़ा झटका ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को लगा। डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में अपना झंडा बुलंद किया यानी बहुमत हासिल किया। इसका मतलब है कि जनवरी 2027 से अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में ट्रंप प्रशासन को विपक्ष की मजबूत चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
बजट, सरकारी नीतियों और नए कानूनों से जुड़े फैसलों पर डेमोक्रेट्स की भूमिका अहम होगी। राष्ट्रपति के कई प्रस्तावों को अब संसद में आसानी से मंजूरी मिलना मुश्किल हो सकता है। यह स्थिति ट्रंप के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति के पास व्यापक कार्यकारी अधिकार जरूर होते हैं, लेकिन बजट और कानून बनाने में कांग्रेस की भूमिका निर्णायक होती है।
इस चुनाव में मतदाताओं की नाराजगी का अहम कारण आर्थिक परेशानियां रहीं। महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च, रोजगार और परिवारों पर बढ़ता आर्थिक दबाव आम अमेरिकी नागरिकों के लिए अहम मुद्दे बने रहे। चुनावी विश्लेषणों में सामने आया कि करीब 60 फीसदी मतदाताओं ने ट्रंप के कामकाज पर असंतोष जताया।
इसके अलावा आव्रजन नीति और प्रशासन के दूसरे फैसलों को लेकर भी विरोध देखने को मिला। डेमोक्रेट्स ने इन मुद्दों को अपने चुनावी कैंपेन का हिस्सा बनाया और मतदाताओं को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि उनकी प्राथमिकताएं पार्टी की राजनीति के केंद्र में रहेंगी। नतीजों से यह संदेश मिला कि चुनाव में बड़े राजनीतिक नारों के साथ-साथ रसोई और परिवार के बजट से जुड़े सवाल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स की जीत इस साल की सबसे यादगार राजनीतिक घटनाओं में शामिल रही। अटलांटा की पूर्व मेयर बॉटम्स ने रिपब्लिकन उम्मीदवार और अरबपति कारोबारी रिक जैक्सन को हराकर इतिहास रच दिया। वह अमेरिका के किसी भी राज्य की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली अश्वेत महिला बन गईं। जॉर्जिया को भी पहली अश्वेत और पहली महिला गवर्नर मिली।
यह जीत इसलिए खास रही क्योंकि राज्य में 1998 के बाद पहली बार डेमोक्रेटिक पार्टी का कोई नेता गवर्नर बनने जा रहा है। बॉटम्स ने अपने प्रचार में केवल अपनी उम्मीदवारी पर ही जोर नहीं दिया, बल्कि रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, न्यूनतम वेतन और आम लोगों की आर्थिक समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनकी जीत ने यह भी दिखाया कि अमेरिकी दक्षिण के राज्यों में राजनीतिक और सामाजिक बदलाव की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ रही है।
महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी 2026 के चुनाव खास रहे। टेक्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जीना हिनोजोसा ने रिपब्लिकन गवर्नर ग्रेग एबॉट को हराकर राज्य की पहली लैटिना गवर्नर बनने का गौरव हासिल किया।
न्यू मैक्सिको में डेब हॉलैंड अमेरिका की पहली नेटिव अमेरिकी महिला गवर्नर चुनी गईं। ओहायो में एमी एक्टन पहली निर्वाचित महिला गवर्नर बनीं। फ्लोरिडा में रिपब्लिकन उम्मीदवार बायरन डोनाल्ड्स ने जीत दर्ज कर राज्य के पहले अश्वेत गवर्नर बनने का इतिहास बनाया। नेवादा और विस्कॉन्सिन में भी पहली बार अश्वेत गवर्नर चुने गए।
इस तरह अमेरिका में एक साथ पांच अश्वेत गवर्नर होंगे। सीनेट में भी मिशिगन के अब्दुल अल सैयद पहले मुस्लिम अमेरिकी सदस्य बनेंगे, जबकि मिनेसोटा की पैगी फ्लैनगन पहली मूल अमेरिकी महिला सीनेटर होंगी। ये नतीजे बताते हैं कि अमेरिकी राजनीति में अब नेतृत्व की तस्वीर पहले से अधिक विविध हो रही है।
डेमोक्रेट्स की सफलता का एक और महत्वपूर्ण पहलू उन राज्यों में जीत हासिल करना रहा, जहां रिपब्लिकन पार्टी की मजबूत पकड़ मानी जाती थी। टेक्सास में तीन दशक से अधिक समय से रिपब्लिकन दबदबे के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार की जीत ने राजनीतिक हलकों को चौंकाया।
जॉर्जिया में भी सत्ता परिवर्तन हुआ। ओहयो जैसे रिपब्लिकन झुकाव वाले राज्य में एमी एक्टन की जीत ने पार्टी का उत्साह बढ़ाया। इन नतीजों ने यह संकेत दिया कि अमेरिकी राजनीति में पारंपरिक चुनावी समीकरण बदल रहे हैं। अब किसी राज्य को हमेशा के लिए किसी एक पार्टी का गढ़ मानना आसान नहीं होगा।
इन तमाम घटनाक्रमों का असर 2028 के राष्ट्रपति चुनाव पर भी पड़ना तय माना जा रहा है। कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत मिलने के बाद डेमोक्रेट्स को ट्रंप प्रशासन के फैसलों की समीक्षा करने और अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। हालांकि पार्टी के सामने अपनी एकजुटता बनाए रखने और मतदाताओं का भरोसा लंबे समय तक कायम रखने की चुनौती भी होगी।
दूसरी तरफ ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को यह समझना होगा कि उनके समर्थकों का मजबूत आधार होने के बावजूद चुनाव जीतने के लिए व्यापक मतदाता वर्ग का भरोसा हासिल करना जरूरी है।
कुल मिलाकर, 2026 ने अमेरिकी राजनीति को पांच बड़े संदेश दिए। राष्ट्रपति की लोकप्रियता को चुनावी चुनौती मिल सकती है, आर्थिक मुद्दे मतदाताओं के फैसले बदल सकते हैं, महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है, पारंपरिक राजनीतिक गढ़ों में भी सत्ता बदल सकती है और 2028 की लड़ाई की जमीन अभी से तैयार होने लगी है।
जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स की ऐतिहासिक जीत से लेकर कांग्रेस में डेमोक्रेट्स की वापसी तक, इस साल के घटनाक्रम ने अमेरिकी लोकतंत्र की बदलती तस्वीर पेश की है।
--आईएएनएस
केआर/