वर्ल्ड चैंपियनशिप: विवान ने ट्रैप में साधा सिल्वर पर निशाना, भारत के लिए एलए28 ओलंपिक का तीसरा कोटा सुनिश्चित

वर्ल्ड चैंपियनशिप: विवान ने ट्रैप में साधा सिल्वर पर निशाना, भारत के लिए एलए28 ओलंपिक का तीसरा कोटा सुनिश्चित

दोहा, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय शूटर विवान कपूर ने गुरुवार को आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में मेंस ट्रैप इवेंट में सिल्वर मेडल पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने ओलंपिक गेम्स 2028 के लिए भारत का तीसरा कोटा हासिल कर लिया, जिसका आयोजन लॉस एंजिल्स में होगा।

दोहा में जारी चैंपियनशिप में विवान के मेडल जीतने और पुरुषों के 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल इवेंट में अंकुर गोयल के दो मेडल जीतने के बाद, भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में हुए फाइनल में, विवान ने 29 हिट के साथ कुवैत के अब्दुल रहमान अलफाइहान के बराबर स्कोर किया। हालांकि, 'सडन-डेथ शूट-ऑफ' में अलफाइहान ने भारतीय शूटर को 3-2 से पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। चीन के क्यूई यिंग ने 22 हिट के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।

विवान से पहले, दोहा में जयपाल मालवीय और नीरज कुमार ने भी ओलंपिक कोटा हासिल किया था। 5 नवंबर को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर जयपाल ने भारत के लिए पहला एलए28 ओलंपिक कोटा सुनिश्चित किया था, जबकि बुधवार को नीरज कुमार ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर दूसरा कोटा हासिल किया।

इससे पहले, क्वालिफिकेशन राउंड में 125 में से 120 का स्कोर करने वाले सात खिलाड़ियों के बीच टाई हो गया था, जिसमें से दो भारतीय शूटर आठ लोगों के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। विवान ने शूट-ऑफ में छह टारगेट हिट करके छठा स्थान हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 25, 24, 24, 24 और 23 का स्कोर किया था।

उनके साथी खिलाड़ी उदयवीर सिंह जयजी ने भी 120 (25, 24, 24, 24, 23) का स्कोर किया और 'सडन-डेथ शूट-ऑफ' (3+0) जीतकर फाइनल में पहुंचने वाले आठवें और अंतिम खिलाड़ी बने। उदवीर फाइनल में 11 हिट के साथ छठे स्थान पर रहे, जबकि क्वालिफिकेशन रैंकिंग में वे ग्रेट ब्रिटेन के नाथन हेल्स के पीछे रहे।

मेंस ट्रैप टीम इवेंट में, विवान (120), उदवीर (120) और जोरावर सिंह संधू (114) की भारतीय तिकड़ी पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गई। पांच राउंड (73, 68, 72, 72, 69) में कुल 354 स्कोर के साथ वे चौथे स्थान पर रहे।

भारत का स्कोर रजत पदक विजेता पोलैंड और कांस्य पदक विजेता चेकिया के बराबर था, लेकिन फाइनल राउंड में कम स्कोर होने के कारण 'काउंटबैक' के आधार पर भारत चौथे स्थान पर रहा। कुवैत ने 356 स्कोर के साथ टीम स्वर्ण पदक जीता, जबकि व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्टैंडिंग में जोरावर 55वें स्थान पर रहे।

पुरुषों के 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल इवेंट में भारत को दोहरी सफलता मिली, जिसमें अंकुर गोयल ने कुल 583-19x स्कोर के साथ व्यक्तिगत रजत पदक जीता।

अंकुर ने प्रिसिजन स्टेज में 292 और रैपिड स्टेज में 291 का स्कोर किया। लातविया के अर्नेस्ट्स एर्ब्स ने 588-24x के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चेकिया के जिंद्रिच डुबोवी ने 582-26x के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

इसके बाद, अंकुर ने अमनप्रीत सिंह और राजकंवर सिंह संधू के साथ मिलकर कुल 1727-57x स्कोर के साथ टीम कांस्य पदक जीता। व्यक्तिगत स्टैंडिंग में अमनप्रीत 578-19x के साथ नौवें स्थान पर रहे, जबकि राजकंवर 566-19x के साथ 23वें स्थान पर रहे।

यूक्रेन ने 1735-47x स्कोर के साथ टीम स्वर्ण पदक जीता, जबकि रिपब्लिक ऑफ कोरिया ने 1731-46x के साथ रजत पदक हासिल किया।

गुरुवार के नतीजों के बाद, भारत कुल 13 पदकों (दो स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य) के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है। चीन 27 पदकों (13 स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य) के साथ तालिका में सबसे ऊपर है, जबकि कोरिया गणराज्य 10 पदकों (दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर है।

--आईएएनएस

आरएसजी