अजमान, 18 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में बुधवार को खेले गए 'ग्रुप-बी' के मुकाबलों में जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड को शिकस्त दी, जबकि बांग्लादेश ने थाईलैंड को हराया। इसी के साथ 'सुपर-6' में पहुंचने वाली सभी टीमों का फैसला भी हो गया। आइए, 'ग्रुप-बी' के मुकाबलों पर नजर डालते हैं।
जिम्बाब्वे बनाम नीदरलैंड: अजमान स्थित कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-बी' के इस मुकाबले को जिम्बाब्वे ने 33 रन से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 160 रन बनाए। केलिस न्धलोवु ने मोडेस्टर मुपाचिक के साथ पहले विकेट के लिए 12.5 ओवरों में 99 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
मुपाचिक 36 गेंदों में 4 चौकों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम को 109 के स्कोर पर केलिस के रूप में दूसरा झटका भी लग गया, जो 45 गेंदों में 6 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद बेलोवेद बीजा (नाबाद 28) ने न्याशा ग्वांजुरा (नाबाद 23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
इसके जवाब में नीदरलैंड की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी। इस टीम ने 3.3 ओवरों तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 19 ही रन जुड़ सके थे। इसके बाद सान्या खुराना (23) ने रॉबिन रिजके (52) के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन नीदरलैंड यह मैच अपने नाम नहीं कर सकी। विपक्षी खेमे से क्रिस्टीन मुतासा ने 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि नोमवेलो सिबांडा ने 2 विकेट निकाले।
बांग्लादेश बनाम थाईलैंड: ग्रुप-बी का यह मैच अजमान स्थित सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर खेला गया, जिसे बांग्लादेश ने 3 रन से जीता। इस टीम ने 15 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद निगार सुल्ताना ने शर्मिन अख्तर के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन, जबकि शोभना मोस्तरी के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से चनिदा सुथिरुआंग ने 2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में थाईलैंड की टीम 20 ओवरों के खेल तक 5 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। इस टीम को तीसरी गेंद पर नत्थकन चंथम (0) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद नन्नापत कोंचारोएनकाई (57) ने फन्नीता माया (17) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन, जबकि कप्तान नारुएमोल चायवाई (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। विपक्षी खेमे से शंजीदा अख्तर मेघला ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।
इससे पहले, बुधवार को 'ग्रुप-ए' के मुकाबलों में यूएई ने पापुआ न्यू गिनी को 70 रन से मात दी, जबकि स्कॉटलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
ग्रुप मुकाबलों की समाप्ति के बाद सुपर-6 चरण में पहुंचने वाली टीमों का फैसला भी हो गया है। ग्रुप-ए से श्रीलंका, स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीमें क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रही, जबकि ग्रुप-बी से पाकिस्तान, नीदरलैंड और जिम्बाब्वे की टीम ने शीर्ष-3 पायदान अपने नाम किए। सुपर-6 मुकाबले 20, 22 और 23 नवंबर को खेले जाने हैं, जिसके बाद 25 नवंबर को खिताबी मैच होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी