विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: मुमताज-सुनेलिता ने दागे गोल, भारत ने साउथ कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरा मैच जीता

विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: मुमताज-सुनेलिता ने दागे गोल, भारत ने साउथ कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरा मैच जीता

भोपाल, 21 नवंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में, शनिवार को मौजूदा चैंपियन भारत ने साउथ कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। ​​नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले इस मैच में मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने एक-एक गोल किया। अब रविवार को भारत का मुकाबला थाईलैंड से होगा।

पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। इसके बाद, भारत ने अगले दो क्वार्टर में मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो के जरिए एक-एक गोल किया। आखिरी क्वार्टर में साउथ कोरिया ने एक गोल करके अंतर कम जरूर किया, लेकिन भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी और तीन अंक हासिल किए।

भारत इस मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ अपनी शुरुआती 4-1 की जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरा था। दोनों टीमों ने संभलकर शुरुआत की और शुरुआती पलों में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले क्वार्टर में कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी।

शुरुआती 15 मिनट के खेल में भारत को पांच पेनाल्टी कॉर्नर मिले। वहीं, साउथ कोरिया ने रक्षात्मक रूप से अच्छा खेल दिखाया और गोलकीपर सियोयोन ली ने शानदार बचाव किए। भारत ने कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में अपने आक्रमण को जारी रखा, जबकि पूजा साहू और नवनीत कौर की जोड़ी ने आगे बढ़कर मौके बनाए। नवनीत की रचनात्मकता और तेजी से गेंद छीनने की क्षमता ने भारत के आक्रमण को मजबूती दी, जिससे टीम कोरियाई डिफेंस को भेदने की कोशिश करती रही।

अपने दूसरे ही सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच में खेल रहीं पूजा साहू ने रक्षा पंक्ति में रहते हुए भी आत्मविश्वास दिखाया और पीछे से आक्रमण की शुरुआत की। भारत ने एक आक्रामक रणनीति अपनाई, जिसमें ज्योति, लालथंतलुंगी और सुशीला चानू ने विंग्स पर आगे की पोजीशन संभाली, जिससे टीम को फॉरवर्ड मूवमेंट में ज्यादा जगह मिली।

आखिरकार, 30वें मिनट में भारत ने गतिरोध तोड़ा। हाफ-टाइम ब्रेक से ठीक पहले मुमताज खान ने गोल कर दिया। साक्षी ने एक सटीक पास नवनीत कौर को दिया, जो आगे की पोजीशन में थीं। नवनीत ने गेंद मुमताज की ओर बढ़ाई, जिन्होंने सही जगह पर खड़े होकर शानदार फील्ड गोल किया। हाफ-टाइम तक भारत के पास 1–0 की बढ़त थी।

खेल फिर से शुरू होने के कुछ ही देर बाद भारत ने अपनी बढ़त बढ़ा ली। 34वें मिनट में सुनेलिता ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2–0 कर दिया, जिससे मेजबान टीम को दो गोल की बढ़त मिल गई। तीसरा क्वार्टर खत्म होने तक भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी। मेजबान टीम ने मिडफील्ड में अच्छा तालमेल दिखाया, अपना आक्रामक रुख जारी रखा और कोरियाई डिफेंस में और सेंध लगाने की कोशिश की।

हालांकि, 56वें ​​मिनट में होंग के गोल से साउथ कोरिया ने वापसी की और अंतर को घटाकर 2–1 कर दिया। इसके बाद, खेल के अंतिम क्षणों में भारत अपनी बढ़त बढ़ाने के करीब पहुंचा, लेकिन स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और फाइनल हूटर बजने के साथ ही मेजबान टीम ने 2–1 से जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट के पहले दिन मलेशिया के खिलाफ मिली जीत के बाद, यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। अब मेजबान टीम जापान के साथ संयुक्त रूप से अंक तालिका में सबसे ऊपर है; दोनों टीमों के छह-छह अंक हैं और दोनों का गोल अंतर भी +4 है। चीन एक जीत और एक ड्रॉ के साथ चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि मलेशिया के पास एक अंक है। साउथ कोरिया और थाईलैंड ने अभी तक अपना खाता नहीं खोला है।

इससे पहले, शनिवार को चीन और मलेशिया के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। मैच में मलेशिया ने सिटी मोहम्मद के पेनाल्टी स्ट्रोक की मदद से बढ़त बनाई, लेकिन चीन ने वेई किक्सियाओ और फेंग जियाक्सिन के गोलों की बदौलत वापसी कर ली। इसके बाद अजमीरा अजहरी ने गोल कर मलेशिया को बराबरी दिला दी।

दिन के दूसरे मैच में जापान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 3-0 से हराया। जापान की जीत में रिसा सासाकी ने दो गोल किए, जबकि एक गोल रीना यामामोटो ने दागा।

--आईएएनएस

आरएसजी