वेलिंग्टन में बुमराह का एक और बड़ा कारनामा, जहीर-श्रीसंत के खास क्लब में हुए शामिल

वेलिंग्टन में बुमराह का एक और बड़ा कारनामा, जहीर-श्रीसंत के खास क्लब में हुए शामिल

वेलिंग्टन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेसिन रिजर्व के मैदान पर सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। चौथे दिन भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 720 रन बनाने के बाद अपनी पारी को घोषित किया। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 119 रन बना लिए हैं।

जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए लगातार दूसरी पारी में भी न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। बुमराह ने पहली पारी में भी लाथम को पहले ही ओवर में आउट किया था। बुमराह एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में पहले ही ओवर में विकेट लेने वाले महज तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा जहीर खान और एस श्रीसंत ने किया है।

जहीर ने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए दोनों पारियों के पहले ओवर में विकेट चटकाया था। वहीं, श्रीसंत ने 2006 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों इनिंग के पहले ओवर में विकेट झटका था। बुमराह अब तक इस टेस्ट मैच में कमाल की लय में दिखाई दिए हैं। पहली पारी में उन्होंने 29 ओवर के स्पेल में 92 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। पहली इनिंग में उन्होने लाथम, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल और मैट हेनरी का विकेट अपने नाम किया था।

टेस्ट के चौथे दिन भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन लाजवाब रहा। ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 128 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, ध्रुव जुरेल ने 79 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 78 रन बनाए। अंशुल कंबोज ने 38 रनों का योगदान दिया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 24 रन बनाए।

इससे पहले, देवदत्त पडिक्कल ने 80 और कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन बनाए। केएल राहुल ने बेहतरीन बैटिंग करते हुए 136 रनों की यादगार पारी खेली। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड अभी भी भारत द्वारा ली गई 352 रनों की बढ़त से 233 रन पीछे है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम