नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देशभर में तरह-तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। कहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए संदेश दिए जा रहे हैं तो कहीं पेड़ लगाए जा रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा सांसद वीरेंद्र सचदेवा ने मयूर विहार में पौधे लगाए और लोगों से पर्यावरण की सुरक्षा के लिए ज़्यादा पेड़ लगाने, कागज का इस्तेमाल कम करने और सिंगल-यूज प्लास्टिक से बचने की अपील की। आईएएनएस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दिल्ली में पेड़ लगाओ अभियान चला रहे हैं। प्रकृति को हम अपनी मां के रूप में देखते हैं। ऐसे में प्रकृति का संरक्षण करना बहुत जरूरी है। आने वाली पीढ़ियों को अच्छा पर्यावरण देना है तो आज हमें भरपूर पेड़ लगाने होंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने लोगों से ज्यादा पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य की दिशा में योगदान देने की अपील की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के मार्गदर्शन में आज मेरे लोकसभा क्षेत्र में 10 हजार एकड़ जमीन पर पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। दिल्ली को हरा-भरा किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सचान ने कहा कि आज 5 जून है, यानी विश्व पर्यावरण दिवस। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए यह दिन हमारे देश और पूरी दुनिया में मनाया जाता है। इस मौके पर हम पेड़ लगाते हैं और पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए आम लोगों को भी शामिल करते हैं। यह दिन हमें याद दिलाता है कि धरती माता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति को बारिश के मौसम में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए।
यूपी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान एक बहुत ही खास और अहम पहल है, जिसकी शुरुआत आज 5 जून को हो रही है, जो विश्व पर्यावरण दिवस भी है। इस मौके पर हम सभी को अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाना चाहिए।
बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और पहलों के बहुत करीब है। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आज आसनसोल के रामकृष्ण मिशन में 'एक पेड़ मां के नाम' नाम से एक वृक्षारोपण परियोजना शुरू की गई।
विश्व पर्यावरण दिवस पर महाराष्ट्र के नासिक में नंदिनी नदी की सफाई का अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 15,000 नागरिकों ने हिस्सा लिया। नासिक की मेयर हिमागौरी अडके ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को शुभकामनाएं। नंदिनी नदी की सफाई करने के लिए हम सब इकठ्ठे हुए हैं। 'सेवा ही स्नान है' यह हमारा नारा है।
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज नासिक में विशेष रूप से नंदिनी नदी की सफाई की जा रही है। सुंदर, स्वच्छ और हरित नासिक के लिए सभी लोग आज नंदिनी नदी में काम कर रहे हैं। सबका बहुत-बहुत अभार व्यक्त करता हूं।
--आईएएनएस
एसडी/एएस