मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और सिंगर लिसा मिश्रा ने अपने एक्टिंग सफर के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि इस सफर में उन्हें इंडस्ट्री के कई बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। अलग-अलग पीढ़ियों और पृष्ठभूमि से आने वाले कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए सीखने का शानदार अनुभव रहा है।
अपने अब तक के सफर और इससे मिली सीख के बारे में बात करते हुए लिसा मिश्रा ने कहा, ''मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हूं कि अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत में ही मुझे इतने शानदार और प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला।''
उन्होंने आगे बताया, '''कॉल मी बे' और 'द रॉयल्स' दोनों में अलग-अलग पीढ़ियों और पृष्ठभूमि के कलाकार एक साथ आए। इस वजह से इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अनुभव और भी खास रहा। अनन्या, वीर, ईशान, भूमि, जीनत और साक्षी जैसे कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए कई मायनों में सीखने वाला अनुभव रहा है।"
लिसा ने कहा, ''हर कलाकार सेट पर अपनी अलग ऊर्जा, सोच और काम करने का तरीका लेकर आता है। मैंने हमेशा कोशिश की है कि अपने आसपास के लोगों को ध्यान से देखूं और उनसे ज्यादा से ज्यादा सीखूं। मेरा मानना है कि एक अभिनेता के तौर पर आप लगातार आगे बढ़ते रहते हैं और इस सफर में जिन लोगों के साथ आप काम करते हैं, उनकी अहम भूमिका होती है।''
दोनों सीरीज के दूसरे सीजन को लेकर लिसा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ''दोनों शो के दूसरे सीजन के साथ मैं सीखने के इस सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हूं। मैं इन प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ दोबारा सेट पर लौटने और अभिनय की बारीकियों को और करीब से समझने का इंतजार कर रही हूं।''
बता दें कि 'कॉल मी बे' एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जिसे इशिता मोइत्रा ने लिखा है और कॉलिन डी'कुन्हा ने निर्देशित किया है। इसमें अनन्या पांडे मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान समत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इस सीरीज के दूसरे सीजन को भी मंजूरी मिल चुकी है।
वहीं, 'द रॉयल्स' एक रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है। इसका निर्देशन प्रियंका घोष और नूपुर अस्थाना ने किया है, जबकि इसकी कहानी नेहा वीना शर्मा ने लिखी है। सीरीज में भूमि पेडनेकर, ईशान खट्टर, जीनत अमान, साक्षी तंवर, नोरा फतेही, विहान समत, डिनो मोरिया और मिलिंद सोमन जैसे कलाकार नजर आते हैं।
--आईएएनएस
पीके/एएस