मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने महिला आरक्षण बिल पास न होने पर विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध जताया। सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर टाउन हॉल मैदान से पैदल मार्च निकाला और शिव चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी महिला विरोधी पार्टियां हैं, जो महिलाओं के अधिकार छीनने का काम करती हैं। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी ने कहा कि 17 अप्रैल 2026 देश के लिए काला दिवस साबित हुआ, क्योंकि संसद में मोदी सरकार ने महिलाओं के अधिकारों के लिए महिला आरक्षण बिल पास करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन विपक्ष की कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया, जिससे यह बिल गिर गया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी महिलाओं के अधिकार छीनकर खुश नहीं रह पाएंगी और आगामी चुनाव में महिलाएं उन्हें सबक सिखाएंगी। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि अब महिलाएं जाग चुकी हैं और उन्हें पता है कि कौन उनके अधिकारों के लिए लड़ रहा है और कौन उन्हें दबाने का काम कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनाव में महिलाएं ही उन्हें जवाब देंगी और 17 अप्रैल 2026 का दिन इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
#Muzaffarnagar #UPNews #BJP #MahilaMorcha #WomenReservationBill #SP #Congress #UPPolitics