मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक अहम फैसला लिया है। दरअसल, आज यानी 22 मार्च से इंडिगो और एयर इंडिया ने क्षेत्र में सीमित उड़ान संचालन दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। हालांकि, हालात को देखते हुए यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा योजनाओं में लचीलापन बनाए रखें और आखिरी समय में संभावित बदलावों के लिए तैयार रहें। इसको लेकर इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि वह रविवार को चुनिंदा उड़ानों का संचालन करेगी। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मौजूदा अनिश्चित परिस्थितियों में उनकी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं, ताकि यात्रियों को हर संभव सहायता दी जा सके और उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। बदलते हालात के बावजूद, सुरक्षा मानकों और नियामक मंजूरी के अनुरूप ही उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और भरोसा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#MiddleEastTension #IndiGo #AirIndia #FlightUpdates #AviationNews #BreakingNews #TravelAlert