शिमला में ठंड का कहर 46 साल का रिकॉर्ड टूटा | Himachal Pradesh | Weather Update

Updated: April 10, 2026 6:58 PM

शिमला, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में असामान्य गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार, पिछले दो–तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरा हुआ देखा गया है। शिमला में अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में पिछले लगभग 11–12 वर्षों में सबसे कम है। इससे पहले 2015 के आसपास ऐसा तापमान दर्ज हुआ था। वहीं, न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो अप्रैल में करीब 46 साल बाद इतना कम है। इससे पहले 1979 में अप्रैल के दौरान इतना कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। बारिश के आंकड़े भी सामान्य से काफी अधिक हैं। पूरे हिमाचल प्रदेश में अप्रैल महीने में अब तक 142 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 1 मार्च से अब तक यह आंकड़ा सामान्य से 9 प्रतिशत अधिक है। पिछले तीन सप्ताह के दौरान लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण प्रदेश में इसका व्यापक असर देखने को मिला है।

#HimachalPradesh #Shimla #WeatherUpdate #ColdWave #Snowfall #Rainfall #IMD #WeatherNews ClimateChange #IndiaWeather