लाहौर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को ऐलान किया है कि पाकिस्तान वनडे ट्राई सीरीज की मेजबानी करेगा। यह ट्राई सीरीज 18 से 31 अक्टूबर तक खेली जाएगी, जिसमें पाकिस्तान के अलावा इंग्लैंड और श्रीलंका की टीम हिस्सा लेगी।
पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होने वाली यह ट्राई सीरीज रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम और लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेली जाएगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को लाहौर में होगा। ट्राई सीरीज की शुरुआत 18 अक्टूबर को रावलपिंडी में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच से होगी। इसके बाद, पाकिस्तान 20 अक्टूबर को उसी मैदान पर इंग्लैंड का सामना करेगा, और फिर 22 अक्टूबर को श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
इसके बाद तीनों टीमें लाहौर जाएंगी, जहां पाकिस्तान 25 अक्टूबर को इंग्लैंड से और 27 अक्टूबर को श्रीलंका से भिड़ेगा। श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच छठा मैच 29 अक्टूबर को होगा, और शीर्ष दो टीमें 31 अक्टूबर को गद्दाफी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी। इससे पहले, पाकिस्तान ने आखिरी बार ट्राई सीरीज की मेजबानी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से ठीक पहले की थी, जहां पाकिस्तान के साथ न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की टीम ने सीरीज में हिस्सा लिया था।
पीसीबी ने श्रीलंका और इंग्लैंड के साथ द्विपक्षीय मैचों का एक व्यस्त कार्यक्रम भी घोषित किया है, जिसमें तीनों टीमें 9 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच मैच खेलेंगी। श्रीलंका की टीम 4 अक्टूबर को मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए पाकिस्तान पहुंचेगी। ये तीनों मैच रावलपिंडी में 9, 11 और 13 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
टी20 सीरीज के बाद इंग्लैंड की टीम वनडे ट्राई सीरीज में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान आएगी, जबकि श्रीलंका टूर्नामेंट के बाद 4 से 6 नवंबर तक इस्लामाबाद में तीन दिवसीय मैच खेलेगा। इसके बाद पाकिस्तान और श्रीलंका दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेंगे, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी। पहला टेस्ट 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा, और दूसरा टेस्ट 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा। यह सीरीज मौजूदा डब्ल्यूटीसी साइकल में पाकिस्तान की घरेलू सरजमीं पर दूसरी टेस्ट सीरीज होगी। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में साउथ अफ्रीका ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था।
वनडे ट्राई सीरीज का शेड्यूल:
18 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, रावलपिंडी
20 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड, रावलपिंडी
22 अक्टूबर: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड, रावलपिंडी
25 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड, लाहौर
27 अक्टूबर: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, लाहौर
29 अक्टूबर: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड, लाहौर
31 अक्टूबर: ट्राई सीरीज का फाइनल, लाहौर
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी