नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सीधी भर्ती अभियान के तहत विभिन्न विभागों में चिकित्सा अधिकारी (मेडिकल ऑफिसर) सहित कुल 40 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
आयोग की ओर से जारी 40 रिक्तियों में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि और किसान कल्याण विभाग के अंतर्गत 'फार्म मशीनरी ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट' में कृषि इंजीनियर का 1; आयुष मंत्रालय में मेडिकल ऑफिसर/रिसर्च ऑफिसर (यूनानी) के 4; संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत 'सांस्कृतिक संपदा संरक्षण के लिए राष्ट्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला'- लखनऊ में वैज्ञानिक 'बी'(वनस्पति विज्ञान) का 1, वैज्ञानिक 'बी' (पर्यावरण विज्ञान) का 1, वैज्ञानिक 'बी' (जियोलॉजी) का 1, वैज्ञानिक 'बी' (फिजिक्स) का 1, वैज्ञानिक 'बी' (जूलॉजी) का 1; रक्षा मंत्रालय के सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा महानिदेशालय में नागरिक चिकित्सा अधिकारी के 18; स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में स्पेशलिस्ट ग्रेड III असिस्टेंट प्रोफेसर (इम्यूनो-हेमेटोलॉजी और ब्लड ट्रांसफ्यूजन) के 5, स्पेशलिस्ट ग्रेड III असिस्टेंट प्रोफेसर (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) का 1; इस्पात मंत्रालय में सहायक औद्योगिक सलाहकार के 2; और पुडुचेरी सरकार के पशुपालन और पशु कल्याण विभाग में पशु चिकित्सा सहायक सर्जन के 4 पद शामिल हैं।
यूपीएससी की ओर से विभिन्न विभागों में जारी इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्न भरने के इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विभाग और क्षेत्र के अनुसार ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा, एमबीबीएस, एमडी/डीएनबी, आदि होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास योग्यता प्राप्त करने के बाद पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित तय वर्षों का अनुभव होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 33 से 43 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन दस्तावेजों का सत्यापन, इंटरव्यू, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के तहत, वेतन मैट्रिक्स 7 से 11 के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी जाएगी।
कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी