साउथ अफ्रीका ने अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत, वियान मुल्डर ने रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका ने अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत, वियान मुल्डर ने रचा इतिहास

सेंचुरियन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में एक पारी और 219 रनों से हराया। बांग्लादेश के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दोनों ही पारियों में बेहद निराशाजनक रहा। पहली पारी में टीम महज 91 रनों पर ढेर हुई, तो दूसरी इनिंग में बांग्लादेश की पूरी टीम 184 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

साउथ अफ्रीका ने अपने घर में खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। अपनी सरजमीं पर खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ सबसे बड़ी जीत साउथ अफ्रीका ने साल 2017 में दर्ज की थी, जब टीम ने बांग्लादेश को एक पारी और 254 रनों से रौंदा था।

साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ ही बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में कभी भी ना हारने का रिकॉर्ड भी कायम रखा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 18 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 16 साउथ अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका की इस जीत के हीरो वियान मुल्डर रहे। मुल्डर ने पहली पारी में शतक लगाने के बाद दूसरी इनिंग में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट चटकाए। वह साउथ अफ्रीका की ओर से एक ही टेस्ट में शतक लगाने और पांच विकेट चटकाने वाले महज पांचवें खिलाड़ी बने। इसके साथ ही वह साउथ अफ्रीका के लिए एक ही टेस्ट में सेंचुरी और एक पारी में 7 विकेट चटकाने वाले पहले खिलाड़ी बने। मुल्डर ने यह 7 विकेट सिर्फ 64 गेंदों में झटके।

वियान मुल्डर 1983 के बाद एक ही टेस्ट मैच में शतक लगाने और 6 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी भी बने हैं। 1983 में यह कारनामा पाकिस्तान के इमरान खान ने किया था। बांग्लादेश का बल्लेबाजी क्रम दूसरी इनिंग में भी ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।

टीम की ओर से तौहीद हिरदॉय ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि महफिजुल इस्लाम ने 38 रनों का योगदान दिया। पहली पारी में बांग्लादेश की पूरी टीम सिर्फ 91 रन बनाकर सिमट गई थी, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट गंवाकर 494 रन बनाने के बाद अपनी पारी घोषित की थी और 403 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम