नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करना आज भी हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सीधी भर्ती के जरिए श्रम और रोजगार मंत्रालय के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (एपीएफसी) के कुल 80 खाली पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
आयोग की ओर से असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (एपीएफसी) पोस्ट के लिए जारी 80 रिक्तियों में जनरल के 29, ईडब्ल्यूएस के 8, ओबीसी के 18, एससी के 15 और एसटी के 10 पद शामिल हैं। वहीं, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए 3 पद आरक्षित हैं।
इन सभी वैकेंसी के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पद के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री का होना अनिवार्य है। आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जामा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, इंटरव्यू और/या दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल फिटनेस टेस्ट, आदि चरणों का आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी के अनुसार, पे मैट्रिक्स में लेवल-10 के तहत प्रति माह होगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस पुरुष उम्मीदवारों के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एपीएफसी पोस्ट के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले यूपीएससी की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए उम्मीदवारों को समय-दर-समय ऑफिशियल पोर्टल को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम