नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को आईएएनएस के साथ देश और राजनीति से जुड़े कई विषयों पर बातचीत की। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की तैयारी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन और आजम खान से जुड़े मुद्दे पर अपनी राय रखी।
उत्तर प्रदेश चुनाव और उसमें भाजपा की तैयारियों को लेकर नितिन नवीन ने कहा कि गोरखपुर हो, कानपुर हो या उत्तर प्रदेश का कोई भी जिला हो। हर जिले में लोगों के मन में भारतीय जनता पार्टी के प्रति भरोसा है। भाजपा नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह से केंद्र की योजनाओं को राज्य में केंद्र की योजनाओं को लागू किया है, इसको लेकर लोगों में सकारात्मक माहौल है। मुख्यमंत्री योगी ने यूपी में जिस तरह से कानून-व्यवस्था पर काम किया है, उससे भाजपा और भाजपा सरकार के प्रति लोगों का भरोसा बना हुआ है। यही कारण है, भाजपा को सड़कों पर भी जनता का वो विश्वास और समर्थन नजर आ रहा है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच में गठबंधन की चर्चा पर कहा कि ये लोग पहले भी एक साथ आए हैं, लेकिन इस जुगलबंदी पर जनता को कोई भरोसा नहीं है। जनता जनती है कि ये दो तथाकथित युवराजों को केवल अपनी चिंता और अपने परिवार की चिंता हैं। इनको उत्तर प्रदेश की जनता से कोई लेनादेना नहीं है। इन दोनों साहिबजादों को जब भी मौका मिला, तब भी दोनों ने अपनी और अपने परिवारों की चिंता की। यूपी के युवा, किसान, महिलाएं, और मजदूर वर्ग को मालूम है कि ये लोग उनके लिए नहीं, बल्कि खुद के परिवार के प्रति समर्पित लोग हैं।
आजम खान को साजिश के तहत जेल में रखने से जुड़े अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ये वो लोग हैं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की पहचान 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' की बनाई थी। इन्होंने पूरी तरह से माफिया राज कायम कर दिया था। हर जिले का एक 'छत्रप' होता था, जिस 'छत्रप' के माध्यम से ये सत्ता तक पहुंचते थे। बाद के काल में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सख्ती से कानून-व्यवस्था को लागू किया और इन माफिया को जेल में डाला। लेकिन इन माफिया के शागिर्द अभी भी हैं। अब भी ये लोग इन माफिया का सहारा लेना चाहते हैं। अब भी अखिलेश यादव वोट बैंक की राजनीति के चलते इन माफियों का पनाह देने का काम कर रहे हैं, लेकिन अब ये उत्तर प्रदेश पहले वाला बीमारू राज्य नहीं है। अब ये उत्तर प्रदेश 'उत्तम प्रदेश' बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब यहां 'वन डिस्ट्रिक्ट वन, वन प्रोडक्ट' की बात होती है, 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' की नहीं।
--आईएएनएस
एमएस/वीसी