उन्नाव में पीएम आवास योजना से बदली गरीब परिवारों की जिंदगी, लाभार्थियों ने जताया आभार

उन्नाव में पीएम आवास योजना से बदली गरीब परिवारों की जिंदगी, लाभार्थियों ने जताया आभार

उन्नाव, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना उन्नाव के गरीब परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हो रही है। कभी जर्जर और टपकती छतों के नीचे जीवन गुजारने वाले परिवार आज पक्के मकानों में सुरक्षित जीवन बिता रहे हैं। योजना की लाभार्थियों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि अपने घर का सपना अब साकार हो गया है।

उन्नाव के नरेंद्र नगर की रहने वाली राम किशोरी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि पहले उनका घर बेहद जर्जर स्थिति में था। बरसात के दिनों में छत टपकती थी और रहने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले मकान ने उनकी जिंदगी बदल दी है। अब उनके पास दो कमरे, रसोई, शौचालय, बाथरूम और गैलरी सहित पक्का घर है, जिससे परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला है।

राम किशोरी ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना अपने घर में रहने का होता है। जब किसी के पास रहने के लिए सुरक्षित छत हो, तो वह जीवन की अन्य कठिनाइयों का भी मजबूती से सामना कर सकता है।

उन्होंने कहा कि पक्का घर मिलने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है और अब भविष्य को लेकर आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

इसी मोहल्ले की लाभार्थी रोमा कुमारी ने भी योजना की सराहना करते हुए बताया कि पहले उनका परिवार बल्लियों के सहारे खड़े कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता था, जिससे काफी मुश्किलें होती थीं।

उन्होंने कहा कि अब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिल गया है, जिसमें सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

रोमा कुमारी ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना ने गरीब परिवारों को सम्मान के साथ जीने का अवसर दिया है। उन्‍होंने कहा, "जब व्यक्ति के पास रहने के लिए सुरक्षित घर हो, तो वह अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए अधिक मजबूती और आत्मविश्वास के साथ मेहनत कर सकता है।"

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम