अल अमीरात, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 1) में खेले गए मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को 113 रन से रौंदा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम 49 ओवरों में 231 रन पर सिमट गई। इस टीम को महज 19 के स्कोर पर फरीदुल्लाह (15) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ने सुभान जखैल (4) का विकेट भी खो दिया।
यहां से आबिदुल्लाह नादरजन ने नोमान सलारजई के साथ चौथे विकेट के लिए 20 रन जुटाकर टीम को अर्धशतक के पार पहुंचाया। 58 के स्कोर पर आबिदुल्लाह नादरजन (15) आउट हुए। इसी स्कोर पर सलारजई (16) के रूप में टीम ने चौथा विकेट भी खो दिया।
यहां से शाह फैसल रहीमी और ताहिर सरवरी (37) की जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए 72 गेंदों में 59 रन की साझेदारी की, ताहिर 43 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद रहीमी ने कप्तान सोहेल खान (17) के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन, जबकि आमिर हमजा (16) के साथ 37 रन और सामी मुबारेज (नाबाद 10) के साथ आठवें विकेट के लिए 24 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। रहीमी 97 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए।
विपक्षी खेमे से तफीउल आलम तमीम ने 41 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि रोबिउल हसन अनिक ने 2 विकेट झटके। इनके अलावा, रुबाय इस्लाम रिजोन, शेख अतीकुर रहमान और अल रफी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 25.5 ओवरों में 118 रन पर सिमट गई। इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। आलम ये रहा कि बांग्लादेश ने महज 41 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद रोबिउल हसन अनिक (33) ने एसके जरीफ सियाम (41) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह 96 रन तक पहुंचाया, लेकिन रोबिउल के आउट होने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया और टीम सिर्फ 118 रन तक सिमट गई। अफगान खेमे से नूर अली, आमिर हमजा और सामी मुबारेज ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान सोहेल खान ने 1 विकेट चटकाया।
--आईएएनएस
आरएसजी