नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) ने अखिल भारतीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों (डिसिप्लिन) में फील्ड इंजीनियर/फील्ड ऑफिसर (लेवल-1) की निश्चित अवधि/पूर्णतः अल्पकालिक आधार पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों से कुल 13 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं।
टीएचडीसीआईएल की ओर से जारी 13 रिक्तियों में कानून के क्षेत्र में फील्ड ऑफिसर (स्तर I) के 6, सुरक्षा के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (स्तर I) के 4, स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (लेवल-I) का 1 और जियो-टेक्निकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (लेवल-I) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 दिसंबर की शाम 6 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे टीएचडीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कानून के क्षेत्र में फील्ड ऑफिसर (स्तर I) के लिए कानून में 60 प्रतिशत अंकों के साथ पूर्णकालिक डिग्री या भारत में किसी उपयुक्त वैधानिक प्राधिकरण द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से कानून में 60 प्रतिशत अंकों के साथ 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स होना चाहिए।
सुरक्षा के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (स्तर I) के लिए इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री (बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग - चार वर्षीय पूर्णकालिक पाठ्यक्रम), जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक या इसके समकक्ष सीजीपीए हो और साथ ही इंडस्ट्रियल सेफ्टी में एक वर्षीय पूर्णकालिक पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक या इसके समकक्ष सीजीपीए हो, होना चाहिए।
स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (लेवल-I) के लिए सिविल इंजीनियरिंग में फुल-टाइम बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक हों और साथ ही स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री होनी चाहिए।
जियो-टेक्निकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (लेवल-I) के लिए सिविल इंजीनियरिंग में फुल-टाइम बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक हों और साथ ही जियो-टेक्निकल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त, कानून के क्षेत्र में फील्ड ऑफिसर (स्तर I) और सुरक्षा के क्षेत्र में फील्ड इंजीनियर (स्तर I) के लिए योग्यता प्राप्त करने के बाद संबंधित क्षेत्र में 1 वर्ष का अनुभव होना जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पदों के लिए 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 25 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक योग्यता में प्राप्त अंकों के प्रतिशत और अनुभव के भारांक के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 53,580 रुपए प्रति माह होगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 600 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक/विभागीय उम्मीदवार/टीएचडीसी परियोजनाओं के डूब क्षेत्र/परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों से संबंधित उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीए