नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टखने की चोट के कारण बचे हुए पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। नीरज ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है।
नीरज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "काफी समय की मेहनत के बाद मुझे लगा था कि मैं अपनी लय हासिल करने लगा हूं। लुसाने में मैंने इस सीजन का अपना बेस्ट थ्रो भी फेंका था। हालांकि, दुर्भाग्यवश इसके ठीक बाद ही ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने का लिगामेंट फट गया है। अपने डॉक्टर और टीम से बातचीत करने के बाद हमने यह फैसला लिया है कि मैं बचे हुए सीजन से बाहर बैठूंगा"
नीरज ने आगे लिखा, "यह काफी निराशाजनक है, क्योंकि मैं पूरी तरह से अपनी लय हासिल करने के काफी करीब था। हालांकि, जैसा कहा जाता है कि 'बाधाएं और असफलताएं हमारी सफलता की यात्रा का एक स्वाभाविक हिस्सा हैं।' मेरा पूरा ध्यान अच्छे से रिकवरी करने और मजबूती से वापसी करने पर है। आपके प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद।"
नीरज चोपड़ा के पूरे सीजन से बाहर होने का मतलब है कि वे अब एशियन गेम्स टूर्नामेंट में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
नीरज ने हाल ही में डायमंड लीग के फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया था। इस सीजन में मैदान पर सिर्फ दो बार उतरने के बावजूद वह फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे थे। डायमंड लीग का फाइनल 4 और 5 सितंबर को होना था। नीरज ने इससे पहले लुसाने डायमंड लीग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान हासिल किया था। उन्होंने इस सीजन का अपना बेस्ट थ्रो (88.05 मीटर) किया था।
हालांकि, उन्हें श्रीलंका के रुमेश थरंगा से कड़ी टक्कर मिली थी, जो 88.14 मीटर के थ्रो के साथ खिताब को जीतने में सफल रहे थे। नीरज ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। उन्होंने 85.83 मीटर का थ्रो किया था। वहीं, दोहा डायमंड लीग में वह 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।
--आईएएनएस
एसएम/एएस