मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया। सैमसन ने इंग्लैंड के विरुद्ध गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी सेमीफाइनल-2 के दौरान महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस मैच में 42 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन बनाकर विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों की फेहरिस्त में संयुक्त रूप से नंबर-1 बन गए हैं। उनसे पहले विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 89 रन की नाबाद पारी खेली थी।
कोहली साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन और साल 2024 में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 76 रन की पारी खेल चुके हैं। वहीं, गौतम गंभीर ने साल 2007 में पाकिस्तान के विरुद्ध 75 रन बनाए थे।
इससे पहले संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए निर्णायक सुपर-8 मैच में 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया था।
संजू सैमसन इस विश्व कप के शुरुआती मुकाबलों में अपनी छाप नहीं छोड़ सके थे। उन्होंने नामीबिया के विरुद्ध महज 22 रन का योगदान टीम के खाते में दिया था, जिसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन की पारी खेली। इसके बाद सैमसन को आलोचनाओं का सामना करना था, लेकिन उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टीम इंडिया को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा।
टीम ने 20 के स्कोर पर अभिषेक का विकेट गंवा दिया, जो 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ सिर्फ 9 रन ही बना सके। इसके बाद संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन, जबकि शिवम दुबे के साथ 22 गेंदों में 43 रन की साझेदारी करते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 13.1 ओवरों के खेल तक भारत ने 3 विकेट खोकर 160 रन बना लिए थे।
--आईएएनएस
आरएसजी