दोहा, 22 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान-ए की भिड़ंत भारत-ए के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 49.2 ओवर में 313 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी रही। शमील हुसैन और माज सदाकत ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़े। शमील 23 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, विकेटकीपर-बल्लेबाज रोहेल नजीर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
माज सदाकत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 63 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। हसन नवाज अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने कप्तान अब्दुल समद के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 68 गेंदों में 65 रन जोड़े। कप्तान अब्दुल समद 35 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
फरहान युसूफ के रूप में हसन को एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला और दोनों ने मिलकर 44 रन जोड़े। हसन नवाज 82 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं, फरहान ने 48 गेंदों में 56 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। मोहम्मद इमरान रंधावा ने 14 गेंदों का सामना करते हुए 23 रन बनाए, जबकि साद मसूद ने 13 गेंदों में 9 रन बनाए। अहमद दानियाल 8 रन ही बना सके। अली रजा 2 रन बनाकर प्रिंस यादव का शिकार बने। सुफियान मुकीम 3 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 60 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, हर्षित राणा ने 77 रन देकर दो विकेट निकाले, जबकि सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने भी दो-दो विकेट झटके। आयुष बडोनी एक विकेट चटकाने में सफल रहे।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम