टी20 वर्ल्ड कप: 13 साल बाद वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे होंगी आमने-सामने, ऐसा रहा है रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप: 13 साल बाद वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे होंगी आमने-सामने, ऐसा रहा है रिकॉर्ड

मुंबई, 23 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में सोमवार को सुपर-8 का मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज की टीम टी20 फॉर्मेट की तगड़ी टीम मानी जाती है। 2 बार विश्व कप जीत चुकी वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है। वहीं, जिम्बाब्वे ने भी इस विश्व कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है और ऑस्ट्रेलिया के साथ सह-मेजबान श्रीलंका को मात देते हुए अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है।

वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में बेहतर संतुलित और सटीक दिखी है। ऐसे में सोमवार की शाम को एक बेहद रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। पिच पर बाउंस सही होता है और गेंद बल्ले पर आसानी से आती है। तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और सीम मिल सकती है। पारी बढ़ने के साथ ही हालात आसान हो जाते हैं।

मैच के दौरान मौसम सामान्य रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

वानखेड़े में कुल 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। वानखेड़े का सबसे बड़ा स्कोर 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने ही बनाया था। भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 247 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज वानखेड़े में 5 मैच खेल चुकी है और 4 में विजयी रही है। वेस्टइंडीज का इस स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर भारत के खिलाफ 196/3 है। जिम्बाब्वे पहली बार इस स्टेडियम में टी20 मैच खेलेगी।

वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 4 टी20 मैच खेले गए हैं। वेस्टइंडीज ने 3 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि जिम्बाब्वे 1 बार विजयी रही है। 2013 के बाद से टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमें कभी एक दूसरे के सामने नहीं आई हैं।

जिम्बाब्वे को इस मैच में सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट से अच्छी पारी की उम्मीद रहेगी। बेनेट 3 मैचों में 2 अर्धशतकों की मदद से 175 रन बना चुके हैं। वहीं, ब्लेसिंग मुजरबानी 3 मैचों में 9 विकेट लेकर टीम के शीर्ष गेंदबाज हैं। इन दोनों के अलावा टीम के कप्तान सिकंदर रजा का रोल बेहद अहम होगा।

वेस्टइंडीज के लिए 4 मैचों में होल्डर ने सर्वाधिक 7 विकेट लिए हैं। वहीं, कप्तान शाई होप 4 मैचों में 175 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर हैं। इसके अलावा, सेफरन रदरफोर्ड, अकिल हुसैन और रोमारियो शेफर्ड भी वेस्टइंडीज के लिए अहम होंगे।

--आईएएनएस

पीएके