मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 विश्व कप 2026 के पहले मैच में यूएसए के खिलाफ नाबाद 84 रन की पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और मैच के श्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। हेड कोच गौतम गंभीर सूर्यकुमार यादव की पारी देख बेहद खुश नजर आए और इसे 'मास्टरक्लास' की संज्ञा देते हुए दबाव में खेली गई श्रेष्ठ टी20 पारियों में से एक बताया।
बीसीसीआई टीवी से बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा, "शुरुआत में यह एक अच्छा परिणाम था। सूर्या की पारी मास्टरक्लास थी। यह दबाव में खेली गई सबसे अच्छी अंतरराष्ट्रीय टी20 पारियों में से एक थी।"
यूएसए के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए एक समय 77 रन पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। सूर्यकुमार यादव ने यहां से टीम को संभाला और 49 गेंद पर 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 161 तक पहुंचाने में मदद की।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और यूएसए को 132 रन पर रोककर टीम को 29 रन से जीत दिलाई। सिराज ने 3, जबकि अर्शदीप और अक्षर ने 2-2 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती को 1 विकेट मिला।
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, "कुछ मुश्किलों और दिक्कतों के बाद जीतना खास एहसास है, लेकिन यह लड़कों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आंखें खोलने वाला भी है। मैं पहले भी ऐसे हालात में खेल चुका हूं, इसलिए मुझे पता था कि अपनी टीम के लिए वहां टिके रहना बहुत जरूरी है।"
उन्होंने कहा, "मैं समझता हूं कि यह बल्लेबाजी के लिए एक मुश्किल विकेट था, और हमें ऐसी कंडीशन की आदत नहीं है। लेकिन साथ ही, आप हर चीज को नजरअंदाज नहीं कर सकते। हमें समझना होगा कि हम और बेहतर बैटिंग कैसे कर सकते थे। आखिर में, आप सीखते हैं और आगे बढ़ते हैं।"
अपने होम ग्राउंड पर टीम की कप्तानी करने के बारे में सूर्यकुमार यादव ने कहा, "वानखेड़े स्टेडियम में भारत की कप्तानी करने का अनुभव खास है। मुझे पता था कि जब मैं इस टीम का कप्तान बनकर उतरूंगा, तो माहौल में हलचल होगी। दर्शकों ने निराश नहीं किया।"
--आईएएनएस
पीएके