टी20 विश्व कप: आयरलैंड के कप्तान टकर ने डॉकरेल और डेलानी की तारीफ की

टी20 विश्व कप: आयरलैंड के कप्तान टकर ने डॉकरेल और डेलानी की तारीफ की

कोलंबो, 14 फरवरी (आईएएनएस)। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड, कोलंबो में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप बी में शनिवार को खेले गए मुकाबले में आयरलैंड ने ओमान को 96 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर इस जीत के हीरो रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद टकर ने डॉकरेल और डेलानी की तूफानी पारियों की भी प्रशंसा की।

मैच के बाद लॉर्कन टकर ने कहा, "हमारा पावरप्ले मिला-जुला रहा। हमने बहुत सारी बाउंड्री लगाईं। हमने विकेट कुछ ज्यादा खो दिए। मुझे लगता है कि हम बस अपना मोमेंटम बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे। पिच अच्छी थी, आउटफील्ड तेज थी। हमने इसका फायदा उठाने की कोशिश की।"

अपनी बल्लेबाजी पर उन्होंने कहा, "शुरुआत में विकेट खो देने के बाद जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हमने स्पिन के खिलाफ खेलने की जो योजना बनाई थी, वह सफल रही। हमने बल्लेबाजी के दौरान धैर्य बनाए रखा और मोमेंटम को बरकरार रखा। विपक्षी टीम की खराब गेंदों का फायदा उठाया। इससे हमने अपनी पारी को जमाया।"

कप्तान टकर ने जॉर्ज डॉकरेल और गैरेथ डेलानी की बल्लेबाजी की भी तारीफ की।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड ने खराब शुरुआत के बावजूद 5 विकेट पर 235 रन बनाए थे। एक समय 64 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर के 51 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से बनाए नाबाद 94 और गारेथ डेलानी के 30 गेंदों पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से बनाए 56 रनों और इन दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 56 गेंदों पर हुई 101 रन की साझेदारी के दम पर आयरलैंड ने 5 विकेट पर 235 रन बनाए। पारी के आखिर में डॉकरेल ने 9 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से विस्फोटक 35 रन की पारी खेली।

236 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम 18 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। ओमान के लिए आमिर कलीम ने 29 गेंद पर 2 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 50 और हम्माद मिर्जा ने 37 गेंद पर 1 छक्का और 6 चौकों की मदद से 46 रन बनाए।

आयरलैंड के लिए जोशुआ लिटिल ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3, मैथ्यू हम्फ्रेस ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2, और बैकी मैकार्थी ने 3 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए। जॉर्ज डॉकरेल ने 1 विकेट लिए।

--आईएएनएस

पीएके