एसपीएमसीआईएल भर्ती 2026: असिस्टेंट मैनेजर समेत 22 पदों पर आवेदन जारी, इस तिथि तक भरें फॉर्म

एसपीएमसीआईएल भर्ती 2026: असिस्टेंट मैनेजर समेत 22 पदों पर आवेदन जारी, इस तिथि तक भरें फॉर्म

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एसपीएमसीआईएल) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर असिस्टेंट मैनेजर सहित विभिन्न 24 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

एसपीएमसीआईएल की ओर से जारी 24 रिक्तियों में डिप्टी मैनेजर (आईटी)-एप्लीकेशन डेवलपर का 1, असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) के 4, असिस्टेंट मैनेजर (एफ एंड ए) के 9, असिस्टेंट मैनेजर (एमएम) के 4, असिस्टेंट मैनेजर (आईटी) के 2, असिस्टेंट मैनेजर (ओएल) के 1 और असिस्टेंट मैनेजर (सेफ्टी) के 3 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्ति के लिए जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसपीएमसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से डिप्टी मैनेजर (आईटी)-एप्लीकेशन डेवलपर पद के लिए कंप्यूटर साइंस/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में कम से कम 60 प्रतिशत अंक के साथ फुल-टाइम बीई/बीटेक; असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) के लिए पीएम एवं आईआर/एमएसडब्ल्यू/एमबीए के साथ एचआर इलेक्टिव में फर्स्ट क्लास फुल-टाइम मास्टर्स डिग्री; असिस्टेंट मैनेजर (एफ एंड ए) के लिए बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम) डिग्री के साथ ही सीए/आईसीडब्ल्यूए; असिस्टेंट मैनेजर (एमएम) के लिए इंजीनियरिंग में फर्स्ट क्लास फुल-टाइम डिग्री मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल/पल्प और पेपर टेक्नोलॉजी/इलेक्ट्रॉनिक्स/प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में और मटीरियल मैनेजमेंट/स्टोर्स मैनेजमेंट/परचेज/ऑपरेशन्स मैनेजमेंट/सप्लाई चेन मैनेजमेंट/लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में दो वर्ष की पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा/एमबीए होनी चाहिए।

असिस्टेंट मैनेजर (आईटी) के लिए फर्स्ट क्लास फुल-टाइम एमसीए/फर्स्ट क्लास बीटेक (कंप्यूटर इंजीनियरिंग/आईटी); असिस्टेंट मैनेजर (ओएल) के लिए हिंदी या अंग्रेजी में फर्स्ट क्लास मास्टर डिग्री, जिसमें ग्रेजुएशन लेवल पर अंग्रेजी/हिंदी विषय रहा हो और हिंदी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिंदी में अनुवाद का दो वर्ष का अनुभव; और असिस्टेंट मैनेजर (सेफ्टी) के लिए इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी की किसी भी शाखा में मान्यता प्राप्त डिग्री और किसी फैक्ट्री में सुपरवाइज़र के तौर पर कम से कम 2 वर्ष काम करने का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा, सभी पोस्ट के लिए कैंडिडटे्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु डिप्टी मैनेजर (आईटी)-एप्लीकेशन डेवलपर के लिए 35 वर्ष और अन्य सभी पोस्ट के लिए 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डिप्टी मैनेजर (आईटी)-एप्लीकेशन डेवलपर पोस्ट के लिए 50,000 से 1,60,000 रुपए और अन्य सभी पदों के लिए 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी (भूतपूर्व सैनिकों सहित) के लिए 1,000 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स के लिए 200 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी