नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। साल 2010 में स्पेन को फीफा वर्ल्ड कप खिताब जिताने में योगदान देने वाले जुआन माटा ने 38 साल की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लिया है। इसके साथ ही उनके लगभग दो दशक लंबे करियर का समापन हो गया।
चेल्सी और मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व मिडफील्डर ने बुधवार को एक वीडियो संदेश के जरिए यह घोषणा की। यह वीडियो ओविएडो के जुवेंटुड एस्टाडियो में रिकॉर्ड किया गया था, जहां उन्होंने 10 साल की उम्र में फुटबॉल खेलना शुरू किया था।
स्पेन, इंग्लैंड, तुर्की, जापान और ऑस्ट्रेलिया के क्लबों के लिए खेल चुके माटा ने अपने करियर में कई ट्रॉफियां जीती हैं। इनमें फीफा वर्ल्ड कप, यूईएफए यूरोपीय चैंपियनशिप, यूईएफए चैंपियंस लीग और दो यूईएफए यूरोपा लीग खिताब शामिल हैं।
माटा ने कहा, "फुटबॉल मेरे जीवन से कभी दूर नहीं होगा। इस खेल से प्यार करने के कई तरीके हैं, और विकास के एक माध्यम के रूप में इसका उपयोग जारी रखने के भी कई रास्ते हैं। भले ही मैं पेशेवर रूप से खेलना छोड़ दूं, लेकिन हमेशा एक फुटबॉलर बना रहूंगा।"
माटा ने अपने फुटबॉल सफर की शुरुआत रियल मैड्रिड के यूथ सिस्टम से की थी। इसके बाद वालेंसिया चले गए, जहां स्पेन के एक होनहार अटैकिंग मिडफील्डर के रूप में अपनी पहचान बनाई। साल 2008 में उन्होंने क्लब को 'कोपा डेल रे' जीतने में मदद की और 2011 में चेल्सी से जुड़ गए।
स्टैमफोर्ड ब्रिज (चेल्सी) में उनका समय काफी सफल रहा। साल 2012 में चेल्सी की ऐतिहासिक यूईएफए चैंपियंस लीग जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई, जहां फाइनल में उन्होंने बायर्न म्यूनिख को हराया था। इस लंदन क्लब के साथ उन्होंने 2012 में एफए कप और 2013 में यूरोपा लीग का खिताब भी जीता।
जनवरी 2014 में, माटा मैनचेस्टर यूनाइटेड चले गए, जहां उन्होंने साढ़े आठ साल बिताए। इस इंग्लिश क्लब के लिए 285 मैच खेले और चार ट्रॉफियां जीतीं, जिनमें 2017 में यूरोपा लीग, साल 2016 में एफए कप, लीग कप और कम्युनिटी शील्ड शामिल हैं। इंग्लैंड छोड़ने के बाद, माटा ने तुर्की के क्लब गैलाटासराय के साथ अपना करियर जारी रखा और 2022-23 सीजन में उन्हें लीग खिताब जिताने में मदद की। इसके बाद वह जापान के क्लब विसेल कोबे से जुड़े और उस टीम का हिस्सा रहे जिसने 2023 में जे. लीग का खिताब जीता।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, माटा स्पेन की उस 'गोल्डन जनरेशन' का हिस्सा थे, जिसने साल 2008 से 2012 के बीच विश्व फुटबॉल पर अपना दबदबा बनाए रखा। वह उन टीमों का हिस्सा थे जिन्होंने 2008 और 2012 में यूरोपीय चैंपियनशिप जीती, और साथ ही साउथ अफ्रीका में 2010 फीफा वर्ल्ड कप भी जीता।
इस मिडफील्डर ने स्पेन के लिए 41 मैच खेले और 10 गोल किए। उन्होंने यूरो 2012 के फाइनल में भी गोल किया; इटली के खिलाफ स्पेन की 4-0 की शानदार जीत में यह टीम का चौथा गोल था।
माटा का आखिरी पेशेवर असाइनमेंट ऑस्ट्रेलियाई क्लब मेलबर्न विक्ट्री के साथ रहा, जिससे वह सितंबर 2025 में जुड़े। 2025-26 का सीजन उनके लिए काफी शानदार रहा, जिसमें उन्होंने 24 मुकाबलों में 5 गोल किए और 13 असिस्ट दिए। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलियाई लीग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिया जाने वाला 'जॉनी वॉरेन मेडल' पुरस्कार और प्रतियोगिता के 'सर्वश्रेष्ठ प्लेमेकर' का सम्मान मिला।
--आईएएनएस
आरएसजी